Multibagger Stocks: स्टॉक मार्केट में निवेश पर काफी रिस्क है लेकिन यहां निवेश पर रॉकेट की स्पीड से रिटर्न मिलता है, अगर फंडामेंटल रूप से मजबूत शेयरों में पैसे लगाए जाएं तो। ऐसा ही एक शेयर है केमिकल सेक्टर का-फिनोटेक्स केमिकल (Fineotex Chemical)। इस शेयर ने 51 हजार रुपये के निवेश पर महज 11 साल में ही निवेशकों को करोड़पति बना दिया। अब आगे की बात करें तो जून तिमाही के नतीजे के बाद ब्रोकरेज ने इसमें पैसे लगाने की सलाह दी है और ब्रोकरेज के दिए टारगेट के हिसाब से मौजूदा लेवल से यह करीब 49 फीसदी उछल सकता है।
Fineotex Chemical में 11 साल में ₹51 हजार बना ₹1 करोड़
फिनोटेक्स केमिकल के शेयर 23 अगस्त 2013 को महज 1.80 रुपये के भाव पर थे। अब यह 355.90 रुपये के भाव परल है यानी कि 51 हजार रुपये का निवेश 11 साल में एक करोड़ रुपये की पूंजी बन गई। एक साल में शेयरों के चाल की बात करें तो पिछले साल 21 अगस्त 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 273.50 रुपये था। इस लेवल से 6 महीने में यह 67 फीसदी से अधिक उछलकर 19 फरवरी 2024 को 458 रुपये के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया। हालांकि शेयरों की यह तेजी यहीं थम गई और फिलहाल इस हाई से यह 22 फीसदी से अधिक डाउनसाइड है। इस महीने यह 6 फीसदी से अधिक कमजोर हुआ है।
जून 2024 तिमाही में फिनोटेक्स केमिकल का रेवेन्यू सालाना आधार पर 7 फीसदी की रफ्तार से उछलकर 141.9 करोड़ रुपये पर पहुंच गया लेकिन तिमाही आधार पर इसमें 7 फीसदी की गिरावट आई। ब्रोकरेज फर्म KRChoksey का मानना है कि लोअर रियलाइजेशन के चलते इसके रेवेन्यू ग्रोथ पर असर पड़ा लेकिन कंपनी ने वॉल्यूम ग्रोथ की रफ्तार बनाए रखी। जून तिमाही में इसका ग्रॉस मार्जिन सालाना आधार पर 1.70 फीसदी सुधरकर 38.5 फीसदी पर पहुंच गया। EBITDA मार्जिन भी इस दौरान 1 फीसदी उथलकर 25 फीसदी पर पहुंच गया जो ब्रोकरेज के अनुमान के मुताबिक ही रहा। जून तिमाही में कंपनी को 29.2 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ जो सालाना आधार पर 12 फीसदी अधिक रहा लेकिन तिमाही आधार पर इसमें 5 फीसदी की गिरावट आई।
कंपनी का मुनाफा ब्रोकरेज के अनुमान से 22 फीसदी अधिक रहा है और इसकी वजह ये रही कि इसका अदर इनकम अनुमान से अधिक रहा। इसे 4.88 करोड़ रुपये की अदर इनकम हासिल हुई जो सालाना आधार पर 34 फीसदी और तिमाही आधार पर 17 फीसदी अधिक रही। लॉन्ग टर्म ग्रोथ को देखते हुए ब्रोकरेज ने इसके रेवेन्यू और प्रॉफिट के अनुमान में कोई बदलाव नहीं किया है। हालांकि फंड रेज के चलते वित्त वर्ष 2026 के EPS के अनुमान में कटौती की गई है। ब्रोकरेज फर्म ने इसमें 529 रुपये के टारगेट प्राइस पर पैसे लगाने की सलाह दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।