Multibagger Stocks: पंप बनाने वाली कंपनी किर्लोस्कर ब्रदर्स (Kirloskar Brothers) के शेयर इस महीने करीब 9 फीसदी कमजोर हुए हैं। हालांकि लॉन्ग टर्म में इसने निवेशकों की शानदार कमाई कराई है और 46 हजार रुपये के निवेश पर ही करोड़पति बना दिया है। सिर्फ लॉन्ग टर्म ही नहीं, शॉर्ट टर्म में भी इसने पैसों की झमाझम बारिश की है। सितंबर तिमाही में इसका कारोबार थोड़ा सुस्त पड़ा था और रेवेन्यू, EBITDA और नेट प्रॉफिट अनुमान से कम रहा था। हालांकि घरेलू ब्रोकरेज फर्म एक्सिस सिक्योरिटीज के मुताबिक मजबूत ऑर्डर बुक और इंटरनेशनल सब्सिडियरीज के ट्रैक पर आने के चलते इसका कारोबार मजबूत हो सकता है। इसके शेयर मौजूदा लेवल से करीब 16 फीसदी ऊपर चढ़ सकते हैं। इसके शेयर अभी बीएसई पर 830.60 रुपये (9 नवंबर का क्लोजिंग प्राइस) पर हैं।
ब्रोकरेज क्यों है Kirloskar Brothers को लेकर पॉजिटिव
सितंबर तिमाही में किर्लोस्कर का ऑर्डरबुक सालाना आधार पर 8.3 फीसदी बढ़कर 3084 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान घरेलू कारोबार में 8 फीसदी की बढ़ोतरी हुई लेकिन अंतरराष्ट्रीय कारोबार में 2 फीसदी की ही ग्रोथ दिखी। कंपनी अमेरिकी मार्केट में लगातार नए प्रोडक्ट पेश कर रही है और यूके इकाई के लिए सर्विस सेगमेंट से रेवेंयू बढ़ाने पर फोकस कर रही है। हालांकि पिछले साल के हाई बेस पर ब्रोकरेज एक्सिस सिक्योरिटीज ने रेवेंयू गाइडेंस में मामूली कटौती की है।
कच्चे माल की कीमतें नीचे आने के चलते एंप्लॉयी से जुड़े खर्च में बढ़ोतरी के बावजूद सालाना आधार पर सितंबर तिमाही में कंपनी की प्रॉफिटेबिलिटी में 51 फीसदी का सुधार हुआ। ऐसे में ब्रोकरेज का अनुमान है कि कंपनी की प्रॉफिटेबिलिटी में और सुधार होगा क्योंकि इसका फोकस अब सर्विस सेगमेंट पर बढ़ रहा है जिसमें मार्जिन काफी हाई होता है। ब्रोकरेज के मुताबिक ओवरऑल सेक्टर आउटलुक पॉजिटिव है और कंपनी की बात करें तो मैनेजमेंट ने मजबूत ऑर्डर बुक और इंटरनेशनल सब्सिडियरीज के ट्रैक पर आने के दम पर प्रॉफिटेबिलिटी में सुधार की उम्मीद जताई है। अभी इसका शेयर वित्त वर्ष 2025 की कमाई के हिसाब से 19 गुने पर है और एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह निवेश के लिए सही भाव है। ब्रोकरेज ने इसमें निवेश के लिए 960 रुपये का टारगेट फिक्स किया है।
किर्लोस्कर ब्रदर्स के शेयर 9 नवंबर 2001 को महज 3.82 रुपये में मिल रहे थे। अब यह 830.60 रुपये पर है यानी कि 22 साल में 46 हजार रुपये के निवेश पर ही निवेशक करोड़पति बन गए। ऐसा नहीं है कि सिर्फ लॉन्ग टर्म में इसने शानदार रिटर्न दिया है बल्कि शॉर्ट टर्म में भी शानदार कमाई कराई है। 27 जनवरी 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 286.85 रुपये पर था। इसके बाद 9 महीने में ही यह 270 फीसदी उछलकर 19 अक्टूबर 2023 को 1,060.00 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। इस हाई से फिलहाल यह 22 फीसदी डाउनसाइड है जो एक्सपर्ट्स के दिए टारगेट के हिसाब से निवेश का सुनहरा मौका है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।