Muthoot Finance Share Price: मुथूट फाइनेंस का शेयर 15 मई को क्रैश कर गया। मार्च तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन अच्छा रहा। इसके बावजूद शेयरों में गिरावट आई। 1:30 बजे कंपनी का शेयर 6 फीसदी गिरकर 3,320 रुपये पर चल रहा था। कंपनी ने 14 मई को मार्च तिमाही के नतीजों का ऐलान किया था। इस दौरान कंपनी का प्रॉफिट 135 फीसदी उछलकर 3,397 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का रेवेन्यू भी 65 फीसदी बढ़कर 9,288.7 करोड़ रुपये रहा।
मोतीलाल ओसवाल ने कुछ बिजनेस मीट्रिक्स पर जताई चिंता
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने मुथूट फाइनेंस के बिजनेस से जुड़े कुछ मीट्रिक्स पर चिंता जताई है। उसने कहा है कि तिमाही दर तिमाही आधार पर टन में गोल्ड की मात्रा 4 फीसदी घटकर 196 टन पर आ गई। कस्टमर बेस 2 फीसदी घटकर 64.1 लाख पर आ गया। गोल्ड लोन एलटीवी 270 बेसिस प्वाइंट्स बढ़कर 58.5 फीसदी पर पहुंच गई। ब्रोकरेज फर्म ने कंपनी की बाजार हिस्सेदारी में कमी आने का अनुमान जताया है।
Bernstein ने शेयर के लिए दिया 4500 रुपये का टारगेट प्राइस
विदेशी ब्रोकरेज फर्म Bernstein ने मुथूट फाइनेंस के शेयरों पर अपनी 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग बनाए रखी है। उसने शेयर के लिए 4,500 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। उसने कहा है कि गोल्ड की कीमतों में मजबूती जारी रहने से मार्च तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन अच्छा रहा। साल दर साल आधार पर एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) ग्रोथ 50 फीसदी रही। हालांकि, तिमाही दर तिमाही आधार पर ग्राहकों की संख्या में 1.8 फीसदी गिरावट आई।
ऑपरेटिंग एक्सपेंसेज स्टेबल रहने का प्रॉफिट पर पॉजिटिव असर
ब्रोकरेज फर्म ने कहा है कि हायर लोन यील्ड्स से कंपनी का नेट इंटरेस्ट मार्जिन बढ़कर 20.8 फीसदी पहुंच गया। ऑपरेटिंग एक्सपेंसेज स्टेबल रहने का भी प्रॉफिट पर पॉजिटिव असर पड़ा। साल दर साल आधार पर अर्निंग्स पर शेयर (EPS) 100 फीसदी बढ़ा है। रिटर्न ऑन इक्विटी (RoE) साल दर साल आधार पर 34 फीसदी बढ़ा।
मॉर्गन स्टेनली ने दिया 4,330 रुपये का टारगेट प्राइस
मॉर्गन स्टेनली ने भी मुथूट के शेयर पर अपने 'ओवरवेट' रेटिंग बनाए रखी है। उसने शेयर के लिए 4,330 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। हालांकि, उसने कहा है कि मार्च तिमाही में कंपनी को लोन ग्रोथ ज्यादा रह सकती थी। ब्रोकरेज फर्म ने FY27 के ईपीएस टारगेट को 6 फीसदी और FY28 के टारगेट को 4 फीसदी बढ़ाया है। उसने कहा है कि कंपनी की वैल्यूएशन अट्रैक्टिव है। उसने इसे मुश्किल वक्त में हाई क्वालिटी डिफेंसिव बिजनेस बताया है।
जेफरीज ने दी शेयरों को खरीदने की सलाह
जेफरीज ने मुथूट के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। हालांकि, उसने शेयर का टारगेट प्राइस घटाकर 4,350 रुपये कर दिया है। उसने कहा है कि कंपनी का प्रॉफिट मार्च तिमाही में साल दर साल आधार पर 105 फीसदी बढ़कर 30.8 अरब डॉलर रहा। यह अनुमान से ज्यादा है। इसमें नेट इंटरेस्ट इनकम का हाथ रहा। सीएलएसए ने कंपनी के शेयर पर 'आउटपरफॉर्म' की अपनी राय बनाए रखी है। उसने शेयर के लिए 4,600 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।