Gold-Silver ETF: सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट का असर अब भारतीय म्यूचुअल फंड निवेशकों पर भी दिखाई देने लगा है। बुधवार को गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ में एक बार फिर बड़ी बिकवाली देखने को मिली। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में बढ़ोतरी के अनुमान ने इंटरनेशनल मार्केट में सोने-चांदी पर दबाव बनाया तो इसकी आंच में सिल्वर ईटीएफ आज 3% से अधिक तो गोल्ड ईटीएफ करीब 2% फिसल गए। ट्रेडर्स का अनुमान है कि 8-9 दिसंबर को होने वाली बैठक में ब्याज दरों में 25 बेसिस पॉइंट्स की बढ़ोतरी होगी और साथ ही उनका यह भी अनुमान है कि सितंबर 2027 तक ब्याज दरों में कुल मिलाकर 80 बेसिस पॉइंट से अधिक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर की मजबूती ने भी दबाव बनाया है।
Gold-Silver ETFs Fall: 3% तक की गिरावट
आज निप्पॉन इंडिया सिल्वर ईटीएफ 3.18% गिरकर ₹155.64, एसबीआई सिल्वर ईटीएफ 3.15% की फिसलन के साथ ₹159.85 पर आ गया। इसके अलावा ICICI प्रूडेंशियल सिल्वर ईटीएफ भी 3.05% टूटकर ₹162.38 और टाटा सिल्वर ईटीएफ 3.05% घटकर ₹15.88 पर आ गया।
गोल्ड 14 महीने के निचले स्तर पर, चांदी 8 दिनों में चांदी ₹25,000 सस्ती
इंटरनेशनल मार्केट में सितंबर 2025 के बाद से पहली बार एक औंस गोल्ड की कीमत बुधवार को $3800 के नीचे आई। स्पॉट गोल्ड 1.4% गिरकर प्रति औंस $3,797.11 पर आ गया तो दिसंबर डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर में 1.7% की गिरावट आई। वहीं चांदी की हालत तो और खराब रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 3% गिरकर प्रति औंस $46 से नीचे आ गई,जोकि 13 महीने का सबसे निचला स्तर है। इस साल 121 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचने के बाद चांदी में बड़ा करेक्शन देखने को मिला है।
घरेलू बाजार में भी चांदी तेजी से फिसली है। मंगलवार को एक किलो चांदी ₹9,500 यानी 5.3% टूटकर ₹1,69,500 पर आ गई। 5 नवंबर से पिछले आठ कारोबारी दिनों में चांदी करीब ₹25,000 यानी 13% सस्ती हो चुकी है। वहीं 99.9% शुद्धता वाला यानी 24 कैरट सोना मंगलवार को ₹1,400 गिरकर ₹1,38,600 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। 9 नवंबर के बाद से यह करीब 6% टूट चुका है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।