Natco Pharma share price: नैटको फार्मा (Natco Pharma) के शेयरों में मुनाफावसूली के कारण 15 नवंबर को कारोबार के दौरान स्टॉक में 2 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली। जबकि फार्मा कंपनी ने अपने दूसरी तिमाही के दौरान शुद्ध मुनाफे में 550 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। आज दोपहर 12:39 बजे नैटको फार्मा का स्टॉक एनएसई (NSE) पर 765.27 रुपये पर कारोबार कर रहा था। नैटको फार्मा लिमिटेड ने 14 नवंबर को जारी सितंबर तिमाही के नतीजों में अपने कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफे में 550 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। फॉर्मूलेशन निर्यात में वृद्धि और घरेलू एग्रोकेमिकल कारोबार की बिक्री बढ़ने से मुनाफे में इजाफा नजर आया।
1.25 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड देगी कंपनी
कंपनी की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार तिमाही के लिए शुद्ध मुनाफा एक साल पहले के 56.8 करोड़ रुपये से बढ़कर 369 करोड़ रुपये रहा। तिमाही के दौरान कुल बिक्री दोगुनी से अधिक यानी कि 134.7 प्रतिशत बढ़कर 1,061 करोड़ रुपये हो गई। पिछले साल कंपनी की बिक्री 452 करोड़ रुपये रही थी। कंपनी ने 1.25 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है।
फॉर्मूलेशन निर्यात से पिछले वर्ष के 283 करोड़ रुपये की तुलना में अबकी बार 792 करोड़ रुपये का रेवन्यू प्राप्त हुआ। दूसरी तिमाही में घरेलू फॉर्मूलेशन बिजनेस ने 102 करोड़ रुपये और क्रॉप हेल्थ साइंसेस सेगमेंट ने 56 करोड़ रुपये की कमाई की।
Natco Pharma स्टॉक शेयरहोल्डिंग पैटर्न
फार्मास्युटिकल और दवा कंपनी में प्रोमोटर्स की 49.71 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इस स्टॉक में घरेलू संस्थागत निवेशकों (Domestic Institutional Investors (DIIs) और विदेशी संस्थागत निवेशकों (Foreign Institutional Investors (FIIs) के पास क्रमशः 14.01 प्रतिशत और 12.82 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
Natco Pharma स्टॉक का प्रदर्शन
नैटको फार्मा के स्टॉक ने पिछले छह महीनों में 26.22 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। इसी अवधि में बेंचमार्क निफ्टी इंडेक्स ने 5.68 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)