NBCC share price : सरकारी कंपनी नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (NBCC) के शेयरों में आज शुक्रवार को शानदार रैली देखने को मिल रही है। इस समय यह शेयर मार्केट में गिरावट के बावजूद लगभग 2 फीसदी की तेजी के साथ 37.80 रुपये प्रति शेयर के भाव पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, इंट्राडे में यह 38.55 रुपये के लेवल पर पहुंच गया था। दरअसल, कंपनी को 230 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। यही वजह है कि आज इसके शेयर 3 फीसदी तक चढ़ गए थे।
आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के तहत इस सेंट्रल पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइजेज को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन ट्रेड से 229.81 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि कंपनी काकीनाडा में IIFT के लिए नए कैंपस का निर्माण करेगी। इससे पहले, फर्म को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और ओडिशा में 541.02 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिले थे।
24 फरवरी को कंपनी की कंसोलिडेटेड ऑर्डर बुक 54,600 करोड़ रुपये थी। एनबीसीसी ने एक महीने पहले 309.10 करोड़ रुपये और नवंबर में 300.41 करोड़ रुपये की तुलना में जनवरी में कुल 194.17 करोड़ रुपये का बिजनेस हासिल किया। दिसंबर 2022 में इसका कंसोलिडेटेड नेट सेल 6 फीसदी बढ़कर 2,135.78 करोड़ रुपये पर आ गया, जबकि नेट प्रॉफिट लगभग 17 फीसदी घटकर 69.09 करोड़ रुपये हो गया।
कैसा रहा है शेयरों का प्रदर्शन
इस शेयर ने पिछले कुछ समय में शानदार रिटर्न दिया है। पिछले 5 दिनों में इसके शेयरों में लगभग 6 फीसदी की तेजी आ चुकी है। वहीं, पिछले एक महीने में यह लगभग 8 फीसदी चढ़ा है। हालांकि, लॉन्ग टर्म में इसने कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया है। 6 महीने में इसने मबज 4 फीसदी रिटर्न दिया है। वहीं, पिछले एक साल में इसमें 4 फीसदी की गिरावट आई है।