न्यू दिल्ली टेलिविजन लिमिडेट (NDTV) के शेयरों में 2 दिसंबर यानी आज के कारोबार में इंट्राडे में 5 फीसदी तक का उछाल देखने को मिला है और इसने बीएसई पर 79.80 रुपये का स्तर छुआ है। कंपनी ने बताया है कि उसके डिजिटल मीडिया बिजनेस NDTV Convergence ने Taboola के साथ हुए अपने करार को विस्तार दे दिया है। बता दें कि Taboola एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जो ओपन वेब के लिए रिकमेंडेशन की सुविधा देती है।
फिलहाल 12:05 बजे के आसपास एनएसई पर NDTV 3.75 रुपये यानी 4.96 फीसदी की बढ़त के साथ 79.30 के स्तर पर नजर आ रहा था। हालांकि यह शेयर 106.20 रुपये के अपने 52 वीक हाई से 25 फीसदी नीचे और 36.65 रुपये के अपने 52 वीक लो से 110 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है।
कंपनी ने कहा है कि एक दशक के लिए किए गए इस करार से कंपनी को 750 करोड़ रुपये की कमाई हो सकती है। कंपनी ने यह भी कहा है कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए हमें अधिकतम रेवेन्यू हासिल करना होगा। अपनी कार्यक्षमता बढ़ानी होगी और मार्केटिंग पर फोकस करना होगा। इससे NDTV Convergence के खर्चें में भी बढ़ोतरी आई है।
इस डील के चलते NDTV Convergence को Taboola के पूरे पोर्टफोलियो तक पहुंच हासिल हो जाएगी। इसके अलावा NDTV Convergence Taboola की एक कंपनी स्किमलिंक (Skimlinks) के जरिए ई-कॉर्मस का भी परीक्षण कर सकेगी।
बता दें कि एनडीटीवी ने 2018 में Taboola से एक 5 वर्षीय करार किया था। जिसपर 300 करोड़ रुपये की लागत आई थी। अब इसी करार को बढ़ाकर 10 वर्ष के लिए कर दिया गया है।