NHPC Shares: ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म CLSA की मानें तो भारत सरकार के स्वामित्व वाली कंपनी NHPC लिमिटेड के शेयरों का भाव अगले चार साल में दोगुना हो सकता है। वहीं अगले एक साल में उसने इस शेयर में 44% तक की तेजी आने का अनुमान जताया है। CLSA ने NHPC के शेयर को "हाई कन्विक्शन आउटपरफॉर्म"की रेटिंग दी है और इसका टारगेट प्राइस 117 रुपये प्रति शेयर तय किया है। फिलहाल यह शेयर अपने 52-वीक हाई से करीब 30% तक गिर चुका है।
CLSA का मानना है कि NHPC अप्रैल के पहले सप्ताह में अपने Parbati-II हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट (P2 HEP) को चालू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। कंपनी ने गुरुवार 27 मार्च को शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया था कि Parbati-II प्रोजेक्ट की यूनिट-3 (200 मेगावाट) का ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। बची हुई दो यूनिट्स का ट्रायल रन 31 मार्च तक पूरा होने की उम्मीद है।
CLSA ने कहा कि P2 HEP प्रोजेक्ट का चालू होने NHPC के लिए एक टर्निंग प्वाइंट साबित हो सकता है और यह शेयरधारकों के लिए लंबे समय से अटकी हुई वैल्यू को अनलॉक कर सकता है। NHPC ने अब तक इस परियोजना की 50% क्षमता को 110% लोड पर 12 घंटे तक सफलतापूर्वक चलाया है और बाकी क्षमता मार्च के अंत तक तैयार हो जानी चाहिए।
25 साल में पूरा हुआ सबसे जटिल प्रोजेक्ट
CLSA ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि P2 HEP प्रोजेक्ट अभी तक NHPC का सबसे जटिल प्रोजेक्ट रहा है, जहां भूगर्भीय (geological) कारणों से कई बाधाएं आईं। शुरुआत में इस प्रोजेक्ट को सिर्फ 7 साल में पूरा करने की योजना थी, लेकिन इसमें 25 साल का समय लग गया। ब्रोकरेज ने कहा कि लेकिन अब यह प्रोजेक्ट चालू होने वाला है। इसके चालू होने से NHPC की कुल क्षमता 11.5% तक बढ़ जाएगी। कंपनी की रेगुलेटेड इक्विटी में 26% की बढ़ोतरी होगी। साथी NHPC की अर्निंग्स ग्रोथ में मजबूती आएगी।
बड़ी गिरावट के बाद खरीदारी का मौका
NHPC का स्टॉक अपने 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर से 28% तक गिर चुका है, जिसे CLSA ने निवेशकों के लिए एक आकर्षक खरीदारी का मौका बताया। बाकी एनालिस्ट्स की बात करें, तो NHPC के शेयर को फिलहाल 10 एनालिस्ट्स कवर कर रहे हैं। इनमें से 5 ने इस शेयर को "Buy" रेटिंग दी है, जबकि 2 ने "होल्ड" और 3 ने "Sell" की सलाह दी है।
इस रिपोर्ट के बाद NHPC के शेयरों में शुक्रवार 28 मार्च के कारोबार के दौरान जोरदार तेजी देखी गई। कारोबार के दौरान शेयर 6.9 फीसदी की तेजी के साथ 86.94 रुपये के स्तर तक पहुंच गया। पिछले एक महीने में NHPC के शेयरों में 17.7% की बढ़त दर्ज की गई है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।