Metal stocks: निफ्टी मेटल इंडेक्स में आज 24 सितंबर को करीब 3 फीसदी तक की दमदार रैली देखी गई। इंडेक्स के सभी 15 स्टॉक आज हरे निशान पर ट्रेड कर रहे हैं। दरअसल, चीन ने अपनी अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए पिछले कुछ दिनों में कई उपायों की घोषणा की है। यही वजह है कि आज मेटल शेयरों में जमकर खरीदारी हो रही है। जिन मेटल शेयरों में आज सबसे अधिक तेजी आई है उनमें NALCO, NMDC, टाटा स्टील, हिंडाल्को और वेदांता शामिल हैं। NALCO में 6 फीसदी से अधिक की तेजी देखी गई। इसके अलावा, अन्य शेयरों में भी करीब 4 फीसदी तक का उछाल आया है।
चीन के केंद्रीय बैंक पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना (PBOC) ने मंगलवार को घोषणा की कि वह बैंकों के लिए रिजर्व रिक्वायरमेंट रेश्यो (RRR) में 50 बेसिस प्वाइंट की कटौती करेगा, हालांकि उसने यह नहीं बताया कि यह कटौती कब होगी। PBOC ने यह भी घोषणा की कि वह सेवन-डे रिवर्स रेपो रेट में 20 बेसिस प्वाइंट की कटौती करके इसे 1.7 फीसदी से घटाकर 1.5 फीसदी कर देगा।
ब्रोकरेज फर्म ने मेटल स्टॉक्स पर हैं बुलिश
ब्रोकरेज फर्म फिलिपकैपिटल ने मेटल स्टॉक पर अपना पॉजिटिव रुख बरकरार रखा है। इसके पसंदीदा शेयरों में JSW स्टील, JSPL, NALCO और वेदांता शामिल हैं। ब्रोकरेज ने NMDC और SAILको भी एक्यूमलेट करने की सलाह दी है। हाल ही में 12 सितंबर को सीएनबीसी-टीवी18 के साथ बातचीत में टाटा स्टील के MD और CEO टीवी नरेंद्रन ने चीनी अर्थव्यवस्था के मुद्दों पर बात की। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में स्टील की कीमतों में लगभग 100 डॉलर प्रति टन की गिरावट आई है।
चीन में स्टील की मांग में कोई सुधार नहीं
इसके पहले कई ग्लोबल मेटल एनालिस्ट्स का कहना था कि चीन में स्टील और स्टील प्रोडक्ट्स की मांग में कोई सुधार नहीं दिख रहा है और इसलिए उत्पादन में कमी आने की उम्मीद है, जिससे कीमतों में और गिरावट आ सकती है। वर्ष 2023 में दुनिया के क्रूड स्टील प्रोडक्शन में चीन का योगदान लगभग 54 फीसदी था। एक्सपर्ट्स का कहना है कि चीन का स्टील कंजप्शन, रियल एस्टेट बिजनेस में लंबे समय से मंदी के कारण प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा, चीन के केंद्रीय बैंक के पूर्व गवर्नर यी गैंग ने हाल ही में डिफ्लेशन पर भी चिंता जताई थी।
(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।)