Ola Electric Q1 Results: ओला इलेक्ट्रिक का लॉस घटकर 336 करोड़ रह गया, बाजार हिस्सेदारी भी बढ़ी

जून तिमाही में ओला इलेक्ट्रिक का कंसॉलिडेटेड नेट लॉस घटकर 336 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले की समान अवधि में यह 428 करोड़ रुपये था। जून तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 45 फीसदी घटकर 455 करोड़ रुपये रहा

अपडेटेड Aug 07, 2026 पर 7:20 PM
Ola Electric का शेयर 7 अगस्त को 0.89 फीसदी गिरकर 41.07 रुपये पर क्लोज हुआ। बीते तीन महीने में यह शेयर 17 फीसदी चढ़ा है।

ओला इलेक्ट्रिक ने 7 अगस्त को जून तिमाही के नतीजों का एलान किया। इस दौरान कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट लॉस घटकर 336 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले की समान अवधि में यह 428 करोड़ रुपये था। जून तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 45 फीसदी घटकर 455 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 828 करोड़ रुपये था।

तिमाही-दर-तिमाही आधार पर अच्छा प्रदर्शन

तिमाही दर तिमाही आधार पर ओला प्रदर्शन में अच्छी रिकवरी दिखी। मार्च तिमाही के रेवेन्यू के मुकाबले जून तिमाही में रेवेन्यू 72 फीसदी ज्यादा रहा। मार्च तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 265 करोड़ रुपये था। मार्च तिमाही में कंपनी का नेट लॉस 500 करोड़ रुपये था।


जून तिमाही में दोगुनी व्हीकल्स की डिलीवरी

जून तिमाही में व्हीकल्स की डिलीवरी करीब दोगुनी 39,192 यूनिट्स रही। तिमाही दर तिमाही आधार पर रजिस्ट्रेशन 97 फीसदी बढ़ा। इस दौरान इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट की ग्रोथ 17 फीसदी रही। जून तिमाही में ओला इलेक्ट्रिक की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 8.4 फीसदी हो गई। मार्च तिमाही में यह 5.1 फीसदी थी।

ग्रॉस मार्जिन में दिखा इम्प्रूवमेंट 

कंपनी का ग्रॉस मार्जिन जून तिमाही में 30.5 फीसदी रहा। एडजस्टेड ऑपरेटिंग EBITDA में भी इम्प्रूवमेंट दिखा। यह निगेटिव 195 करोड़ रुपये रहा, जो मार्च तिमाही में निगेटिव 326 करोड़ रुपये था। ऑपेरटिंग EBITDA में भी इम्प्रूवमेंट दिखा। यह निगेटिव 281 करोड़ से घटकर निगेटिव 165 करोड़ रुपये रह गया।

कंपनी ने क्यूआईपी से जुटाए 780 करोड़ रुपये

कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, "FY27 की पहली तिमाही में पिछले साल किए गए बदलावों का असर दिखा। सेल्स, रजिस्ट्रेशन, फुलफिलमेंट, सर्विस और बैटरी आरएंडडी में AI आधारित प्रोसेसेज के इस्तेमाल से कंपनी को खर्च घटाने में मदद मिली।" जून तिमाही में कंपनी ने क्वालिफायड इंस्टीट्यूशन प्लेसमेंट से 780 करोड़ जुटाने का प्रोसेस पूरा किया। इससे कंपनी की बैलेंसशीट को मजबूती मिली।

आपरेटिंग एक्सपेंसेज में भी कमी 

कंपनी ने कहा है कि वह डीलर-आधारित डिस्ट्रिब्यूशन मॉडल का विस्तार जारी रखेगी। इन-हाउस बैटरीसेल इंटिग्रेशन पर भी कंपनी का फोकस बना रहेगा। जून तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग एक्सपेंसेज घटकर 333 करोड़ रुपये रह गया। मार्च तिमाही में यह 428 करोड़ रुपये था।

यह भी पढ़ें: Titan Q1 Profit: नेट प्रॉफिट 65% बढ़कर 1699 करोड़ रुपये, रेवेन्यू में 24 फीसदी इजाफा

तीन महीनों में शेयर में 17 फीसदी उछाल

Ola Electric का शेयर 7 अगस्त को 0.89 फीसदी गिरकर 41.07 रुपये पर क्लोज हुआ। बीते तीन महीने में यह शेयर 17 फीसदी चढ़ा है। कंपनी ने शेयर बाजार बंद होने के बाद जून तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। 10 अगस्त सोमवार को शेयर बाजार खुलने पर कंपनी के शेयर पर नतीजों का असर दिखेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।