बाबा रामदेव अब बेचेंगे इंश्योरेंस! ₹4,500 करोड़ की पतंजलि-मैग्मा डील को मिली IRDAI की मंजूरी

Patanjali Magma General Insurance Deal: मैग्मा जनरल इंश्योरेंस नॉन-लाइफ इंश्योरेंस क्षेत्र की जानी-मानी कंपनी है। बीमा नियामक IRDAI ने पतंजलि द्वारा 'मैग्मा जनरल इंश्योरेंस' के अधिग्रहण को अपनी मंजूरी दे दी है। यह पूरा सौदा करीब ₹4,500 करोड़ में तय हुआ है। इस डील की खास बात यह है कि नया लाइसेंस लेने के लंबे पचड़े में फंसने के बजाय पतंजलि एक स्थापित इंश्योरेंस कंपनी को खरीदकर सीधे बाजार में कब्जा जमाने की रणनीति पर काम कर रही है

अपडेटेड Jul 30, 2026 पर 6:17 PM
इस डील के पूरा होते ही पतंजलि भी टाटा, रिलायंस और बिड़ला जैसे देश के उन बड़े कॉरपोरेट घरानों की फेहरिस्त में शामिल हो जाएगी

Patanjali Magma General Insurance Deal: आयुर्वेदिक प्रोडक्ट्स के जरिए FMCG सेक्टर में तहलका मचाने के बाद अब बाबा रामदेव की 'पतंजलि' फाइनेंशियल सर्विसेज में धमाकेदार एंट्री करने जा रही है। बीमा नियामक IRDAI ने पतंजलि द्वारा 'मैग्मा जनरल इंश्योरेंस' के अधिग्रहण को अपनी मंजूरी दे दी है। यह पूरा सौदा करीब ₹4,500 करोड़ में तय हुआ है।

इस डील की खास बात यह है कि नया लाइसेंस लेने के लंबे पचड़े में फंसने के बजाय पतंजलि एक स्थापित इंश्योरेंस कंपनी को खरीदकर सीधे बाजार में कब्जा जमाने की रणनीति पर काम कर रही है।

पतंजलि और DS ग्रुप की हुई साझेदारी


यह अधिग्रहण अकेला पतंजलि नहीं, बल्कि 'रजनीगंधा' और 'कैच' स्पाइसेज बनाने वाले DS ग्रुप (Dharampal Satyapal Group) के साथ मिलकर किया जा रहा है।

पतंजलि आयुर्वेद की हिस्सेदारी: 73.56%

DS ग्रुप की हिस्सेदारी: 24.5%

कुल हिस्सेदारी: दोनों कंपनियां मिलकर मैग्मा जनरल इंश्योरेंस की 98% हिस्सेदारी खरीद रही हैं।

विक्रेता: यह हिस्सेदारी अदार पूनावाला ग्रुप की कंपनी सा नोटी प्रॉपर्टीज एलएलपी और अन्य शेयरधारकों से खरीदी जा रही है।

समय सीमा: IRDAI की मंजूरी 3 महीने के लिए वैध है, जिसके भीतर इस सौदे को औपचारिक रूप से पूरा करना होगा।

FMCG से फाइनेंशियल सेक्टर की तरफ बड़ा कदम

अब तक पतंजलि की पहचान आयुर्वेदिक दवाओं, घी, सरसों तेल, बिस्किट और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स तक सीमित थी। यह अधिग्रहण पतंजलि का फाइनेंशियल सर्विसेज के क्षेत्र में पहला और सबसे बड़ा विविधीकरण है। मैग्मा जनरल इंश्योरेंस को खरीदने से पतंजलि को तुरंत एक चालू बिजनेस, बना-बनाया कस्टमर बेस, प्रोडक्ट्स और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क मिल जाएगा।

कैसी है मैग्मा जनरल इंश्योरेंस की वित्तीय सेहत?

मैग्मा जनरल इंश्योरेंस नॉन-लाइफ इंश्योरेंस क्षेत्र की जानी-मानी कंपनी है। कंपनी मोटर इंश्योरेंस, हेल्थ इंश्योरेंस, प्रॉपर्टी और कमर्शियल इंश्योरेंस बेचती है। वित्त वर्ष 2026 (FY26) में कंपनी का ग्रॉस रिटन प्रीमियम बढ़कर ₹3,615.48 करोड़ हो गया, जो वित्त वर्ष 2025 (FY25) में ₹3,334.4 करोड़ था। कंपनी के पास देशभर में हजारों एजेंट्स, कॉरपोरेट क्लाइंट्स, बैंक पार्टनर्स और ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स का मजबूत नेटवर्क है।

गांवों और छोटे शहरों में पॉलिसी बेचने की तैयारी

भारत के ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में आज भी इंश्योरेंस की पहुंच काफी कम है। पतंजलि का रिटेल नेटवर्क देश के कोने-कोने और ग्रामीण इलाकों तक फैला हुआ है। साथ ही बाबा रामदेव के नाम पर देश के छोटे कस्बों में जो भरोसा है, उसका इस्तेमाल कंपनी अब हेल्थ और ऑटो इंश्योरेंस की पॉलिसियां बेचने में करेगी।

इस डील के पूरा होते ही पतंजलि भी टाटा, रिलायंस और बिड़ला जैसे देश के उन बड़े कॉरपोरेट घरानों की फेहरिस्त में शामिल हो जाएगी, जिनका अपना जनरल इंश्योरेंस बिजनेस है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।