Paytm : पेटीएम ने मंगलवार को वित्त वर्ष 2022 की चौथी तिमाही के शुरुआती दो महीने के आंकड़ों के साथ अपने ऑपरेशन प्रदर्शन पर एक अपडेट शेयर किया। फिनटेक कंपनी ने कहा कि उसने सबसे ज्यादा मासिक लोन डिसबर्सल हासिल किया है और उसके पेमेंट बिजनेस में टिकाऊ ग्रोथ नजर आ रही है।
Paytm ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, “स्थापित एनबीएफसी कंपनियों के साथ पार्टनरशिप बढ़ने के साथ, हमने देखा कि हमारे प्लेटफॉर्म के जरिये कर्ज वितरण में सालाना आधार पर 449 फीसदी का उछाल आया है। हमने तिमाही के शुरुआती दो महीने के दौरान 41 लाख लोन बांटे, जिनमें से लगभग 22 लाख लोन फरवरी, 2021 में ही बांटे गए थे। वहीं लोन की वैल्यू सालाना आधार पर 366 फीसदी बढ़कर 2,095 करोड़ रुपये रही।”
जीएमवी में रही 105 फीसदी की ग्रोथ
तिमाही के शुरुआती दो महीनों में उसके प्लेटफॉर्म के जरिये प्रोसेस कुल जीएमवी 105 फीसदी ग्रोथ के साथ लगभग 1,65,333 करोड़ रुपये रहा। जीएमवी सभी साधनों (पेटीएम वालेट, पेटीएम पेमेंट बैंक खाता, अन्य बैंकों की नेटबैंकिंग, क्रेडिट और डेबिट कार्ड, यूपीआई आदि) के जरिए प्रोसेस होने वाला मर्चेंट पेमेंट है।
मंथली यूजर्स की संख्या 41 फीसदी बढ़ी
विजय शेखर शर्मा (Vijay Shekhar Sharma) की अगुआई वाली कंपनी ने सालाना आधार पर 41 फीसदी की ग्रोथ के साथ मंथली ट्रांजेक्टिंग यूजर्स (MTU) की संख्या 6.95 करोड़ रही, जिससे यूजर इंगेजमेंट में बढ़ोतरी के संकेत मिले। साथ ही, कंपनी ने कहा कि मर्चेंट्स द्वारा पेटीएम पेमेंट के साधन अपनाने से उसका ऑफलाइन पेमेंट बिजनेस मजबूत हुआ है।
प्रतिबंध का मौजूदा ग्राहकों पर असर नहीं
कंपनी ने कहा कि आरबीआई के पेटीएम पेमेंट बैंक (Paytm Payments Bank) पर प्रतिबंध का मौजूदा ग्राहकों पर असर नहीं होता है, जो बिना किसी बाधा के सभी बैंकिंग और पेमेंट सेवाएं जारी रख सकते हैं।
इसमें कहा गया, “पेटीएम यूपीआई, पेटीएम वालेट, पेटीएम फास्टैग और बैंक खातों के सभी मौजूदा यूजर्स डेबिट कार्ड और नेटबैंकिंग सहित इन साधनों को भुगतान के लिए जारी रख सकते हैं। नए यूजर्स भी पेटीएम ऐप पर साइनअप और यूपीआई हैंडिल तैयार करके उसे अपने बैंक खातों के साथ लिंक करके या थर्ड पार्टी पेमेंट विकल्प का इस्तेमाल करके पेटीएम ऐप पर लेनदेन कर सकते हैं। अगली सूचना तक यूजर्स नए पीपीबीएल वालेट या पीपीबीएल सेविंग्स या करंट अकाउंट के लिए साइनअप नहीं कर सकते हैं।”