Elvish Yadav : अक्सर यह कहा जाता है कि स्टॉक मार्केट में निवेश से पहले अपने फाइनेंशियल एडवाइजर की सलाह जरूर लेनी चाहिए या अपनी रिसर्च करनी चाहिए। ऐसा नहीं करने पर आपको बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसे एक बार फिर सही साबित किया है बिग बॉस ओटीटी विनर एल्विश यादव ने। दरअसल, सोशल मीडिया पर एल्विश यादव ने लोगों को एक पेनी स्टॉक में निवेश की सलाह दी थी। यह स्टॉक पिछले 15 महीनों में 95 परसेंट टूट चुका है। इसके चलते एल्विश यादव को सोशल मीडिया पर लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कई लोग उनका मजाक भी उड़ा रहे हैं।
Elvish Yadav ने शॉर्ट टर्म के लिए इस स्टॉक को बताया था अच्छा
एल्विश यादव ने 19 दिसंबर 2022 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (x) पर एक ट्वीट में अपने फॉलोअर्स को स्टॉक सजेस्ट किया था। इस स्टॉक का नाम है - व्हाइट ऑर्गेनिक रिटेल (White Organic Retail). यादव ने लिखा, "मेरे स्टॉक मार्केट के लोगों के लिए। आज मैंने पोर्टफोलियो में WORL @₹128-135 ऐड किया है। शॉर्ट टर्म के लिए यह अच्छा लग रहा है।"
यादव के इस ट्वीट के एक दिन बाद स्टॉक 7 फीसदी चढ़ गया। हालांकि, इसके बाद स्टॉक में बड़ी गिरावट देखी गई और अब तक यह 95 फीसदी टूट चुका है। आज 11 मार्च को यह शेयर 0.81 फीसदी गिरकर 7.39 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
स्टॉक का मार्केट कैप फिलहाल 24.18 करोड़ रुपये है। कोविड महामारी के दौरान कम ब्याज दरों के कारण शेयर बाजारों को बढ़ावा मिला, जिससे व्हाइट ऑर्गेनिक रिटेल के शेयर बढ़ गए। मई 2021 से फरवरी 2022 तक स्टॉक 26 गुना बढ़ गया। हालांकि इसके बाद स्टॉक में गिरावट देखी गई।
कैसे रहे White Organic Retail तिमाही नतीजे
कंपनी ने दिसंबर 2023 को समाप्त तिमाही में 21 लाख रुपये का घाटा दर्ज किया, जबकि एक साल पहले की अवधि में इसे 1.42 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था। दिसंबर तिमाही में एक साल पहले के 50.58 करोड़ रुपये के मुकाबले कोई बिक्री दर्ज नहीं की गई।