PG Electroplast Shares: पीजी इलेक्ट्रोप्लास्ट के शेयरों में शुक्रवार 8 अगस्त को भारी गिरावट आई। कंपनी के शेयरों का भाव एक झटके में 23% तक क्रैश कर गया। कारोबार के अंत में कंपनी के शेयर 23% गिरकर 567.35 रुपये पर बंद हुए। यह गिरावट तब आई जब कंपनी ने मौजूदा वित्त वर्ष के लिए अपने ग्रोथ अनुमानों को घटा दिया। इससे निवेशकों में इसे फ्यूचर ग्रोथ संभावनाओं को लेकर चिंता बढ़ी। इसके अलावा कंपनी के शुद्ध मुनाफे में भी जून तिमाही के दौरान गिरावट दर्ज की गई।
PG इलेक्ट्रोप्लास्ट ने शुक्रवार को अपनी जून तिमाही के नतीजे जारी करते हुए बताया कि इस तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 21% गिरकर 67 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 85 करोड़ रुपये रहा था। हालांकि, रेवेन्यू में 14% की बढ़त दर्ज की गई और यह 1,504 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
कंपनी ने FY26 के लिए अपने रेवन्यू ग्रोथ के अनुमान को घटाकर 17-19% कर दिया है, जो पहले 30.3% था। अब PG Electroplast अपने प्रोडक्ट बिजनेस से 4,140 करोड़ से 4,280 करोड़ रुपये की कमाई का अनुमान लगा रही है, जबकि पहले यह उसने 4,770 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा था।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्ट (फाइनेंस) विशाल गुप्ता ने बताया कि मॉनसून के समय से पहले आने के कारण रूम एसी की सीजनल बिक्री पर असर पड़ा, जिससे साल की शुरुआत सुस्त रही। हालांकि, वॉशिंग मशीन और रूम एसी जैसे मुख्य उत्पादों में कम पेंट्रेशन को देखते हुए लॉन्ग-टर्म में मजबूत ग्रोथ की संभावनाएं बनी हुई हैं।
उन्होंने आगे कहा कि कंपनी प्रोडक्ट इनोवेशन, क्षमता विस्तार और ग्राहकों के साथ साझेदारी को मजबूत करने पर फोकस कर रही है। साथ ही, नए प्लेटफॉर्म का डेवलपमेंट और कोर प्रोडक्ट लाइनों में क्षमता विस्तार में निवेश तय योजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है।
PG इलेक्ट्रोप्लास्ट लिमिटेड एक बैकएंड मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है, जो AC, वॉशिंग मशीन, टीवी जैसे कंज्यूमर ड्यूरेबल्स उत्पादों को बनाकर दूसरे ब्रांड्स को देती है। फिर वो ब्रांड उस पर अपना नाम लगाकर बाजार में बेचते हैं।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।