एडटेक प्लेटफॉर्म फिजिक्सवाला के शेयरहोल्डर 19 नवंबर को अच्छे फायदे में रहे। इसका कारण है शेयर में दिखी शानदार बढ़त। दिन में शेयर की कीमत BSE पर पिछले बंद भाव से 8.6 प्रतिशत तक उछली और 139.25 रुपये के हाई तक गई। बाद में शेयर 6 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 136.30 रुपये पर सेटल हुआ। 18 नवंबर को कंपनी ने अपने पहले निवेशक दिवस के दौरान अपने रेवेन्यू टारगेट के बारे में जानकारी दी थी। फिजिक्सवाला का लक्ष्य वित्त वर्ष 2029-30 तक अपना रेवेन्यू दोगुने से अधिक बढ़ाकर 9,000-10,000 करोड़ रुपये तक करने का है।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 3,900 करोड़ रुपये का सालाना रेवेन्यू कमाया था। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 से 2029-30 के बीच रेवेन्यू में करीब 25 प्रतिशत की CAGR (कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट) हासिल करने का लक्ष्य रखा है। फिजिक्सवाला के मैनेजमेंट के अनुसार, वित्त वर्ष 2029-30 तक उसके कुल रेवेन्यू में ऑनलाइन बिजनेस की हिस्सेदारी करीब दो-तिहाई रहने का अनुमान है। शेष रेवेन्यू ऑफलाइन और अन्य कारोबार से आएगा।
भारत में हर छात्र तक पहुंचाएगे क्वालिटी वाली अफोर्डेबल एजुकेशन
एक बयान के मुताबिक, फिजिक्सवाला के फाउंडर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) अलख पांडेय का कहना है, ''अगले 5 वर्षों के लिए भी हमारा लक्ष्य वही रहेगा, लेकिन बड़े स्तर पर। हम भारत में हर छात्र तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा (क्वालिटी एजुकेशन) पहुंचाना चाहते हैं, उसी भाषा में जिसमें वे सोचते हैं और ऐसी कीमत पर जिसे उनका परिवार वहन कर सके। जब छात्र सफल होते हैं, तो बिजनेस भी आगे बढ़ता है।''
फिजिक्सवाला के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) अमित सचदेवा का कहना है, "वित्त वर्ष 2030 के लिए हमारा लक्ष्य यह है कि हमारा मुनाफा, रेवेन्यू की तुलना में तेजी से बढ़े। हम पूंजी के मामले में अनुशासित रहेंगे और हर साल अपनी प्रगति की रिपोर्ट देंगे।"
सितंबर तिमाही में Physicswallah का मुनाफा हुआ दोगुना
फिजिक्सवाला का जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर दोगुने से भी अधिक बढ़कर 143.63 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले इसी अवधि में यह 70 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू लगभग 18 प्रतिशत बढ़कर 1,242.26 करोड़ रुपये रहा। सितंबर 2025 तिमाही में रेवेन्यू 1,051.24 करोड़ रुपये था।
HSBC ने फिजिक्सवाला के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। प्राइस टारगेट 150 रुपये तय किया है। मोतीलाल ओसवाल ने 'बाय' रेटिंग दी है और प्राइस टारगेट 200 रुपये प्रति शेयर रखा है। DAM कैपिटल ने फिजिक्सवाला पर 'बाय' रेटिंग दी है और प्राइस टारगेट 155 रुपये तय किया है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि FY27 से FY29 के बीच ऑनलाइन रेवेन्यू और EBITDA में क्रमशः 24 प्रतिशत और 35 प्रतिशत CAGR से बढ़ोतरी होगी। ऑफलाइन बिजनेस के लिए इसी अवधि में 15 प्रतिशत रेवेन्यू ग्रोथ का अनुमान है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।