Get App

Physicswallah का FY30 तक रेवेन्यू ₹10000 करोड़ तक करने का लक्ष्य, ब्रोकरेज हुए खुश; शेयर 6% चढ़कर बंद

Physicswallah Share Price: फिजिक्सवाला की शुरुआत 2016 में एक YouTube चैनल के तौर पर हुई थी। यह नवंबर 2025 में लिस्ट हुई थी। IPO 3480 करोड़ रुपये का था। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 71.17 प्रतिशत हिस्सेदारी थी

Ritika Singhअपडेटेड Nov 19, 2026 पर 4:20 PM
Physicswallah का FY30 तक रेवेन्यू ₹10000 करोड़ तक करने का लक्ष्य, ब्रोकरेज हुए खुश; शेयर 6% चढ़कर बंद
Physicswallah ने वित्त वर्ष 2025-26 में 3,900 करोड़ रुपये का सालाना रेवेन्यू कमाया था।

एडटेक प्लेटफॉर्म फिजिक्सवाला के शेयरहोल्डर 19 नवंबर को अच्छे फायदे में रहे। इसका कारण है शेयर में दिखी शानदार बढ़त। दिन में शेयर की कीमत BSE पर पिछले बंद भाव से 8.6 प्रतिशत तक उछली और 139.25 रुपये के हाई तक गई। बाद में शेयर 6 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 136.30 रुपये पर सेटल हुआ। 18 नवंबर को कंपनी ने अपने पहले निवेशक दिवस के दौरान अपने रेवेन्यू टारगेट के बारे में जानकारी दी थी। फिजिक्सवाला का लक्ष्य वित्त वर्ष 2029-30 तक अपना रेवेन्यू दोगुने से अधिक बढ़ाकर 9,000-10,000 करोड़ रुपये तक करने का है।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 3,900 करोड़ रुपये का सालाना रेवेन्यू कमाया था। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 से 2029-30 के बीच रेवेन्यू में करीब 25 प्रतिशत की CAGR (कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट) हासिल करने का लक्ष्य रखा है। फिजिक्सवाला के मैनेजमेंट के अनुसार, वित्त वर्ष 2029-30 तक उसके कुल रेवेन्यू में ऑनलाइन बिजनेस की हिस्सेदारी करीब दो-तिहाई रहने का अनुमान है। शेष रेवेन्यू ऑफलाइन और अन्य कारोबार से आएगा।

भारत में हर छात्र तक पहुंचाएगे क्वालिटी वाली अफोर्डेबल एजुकेशन

एक बयान के मुताबिक, फिजिक्सवाला के फाउंडर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) अलख पांडेय का कहना है, ''अगले 5 वर्षों के लिए भी हमारा लक्ष्य वही रहेगा, लेकिन बड़े स्तर पर। हम भारत में हर छात्र तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा (क्वालिटी एजुकेशन) पहुंचाना चाहते हैं, उसी भाषा में जिसमें वे सोचते हैं और ऐसी कीमत पर जिसे उनका परिवार वहन कर सके। जब छात्र सफल होते हैं, तो बिजनेस भी आगे बढ़ता है।''

सब समाचार

+ और भी पढ़ें