Praj Industries share price: प्राज इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयरों में पिछले तीन कारोबारी दिनों में 11 फीसदी से अधिक की तेजी आई है। आज 16 जनवरी को यह स्टॉक BSE पर 3.91 फीसदी की बढ़त के साथ 773.20 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। कंपनी के शेयरों में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक और उसके नतीजों से पहले यह खरीदारी देखने को मिल रही है। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 14,212 करोड़ रुपये हो गया है। स्टॉक का 52-वीक हाई 874.30 रुपये और 52-वीक लो 448 रुपये है।
मंत्रिमंडल की बैठक से Praj Industries की तेजी का क्या कनेक्शन है ?
सीएनबीसी आवाज की खबर के मुताबिक केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इथेनॉल की कीमतों में बढ़ोतरी पर जल्द ही फैसला लिया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, B-Heavy Molasses की कीमत में 1.82 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जा सकती है। वहीं, गन्ने के रस की कीमत में 1.31 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की संभावना है। सूत्रों ने यह भी बताया कि C-Heavy Molasses की कीमत 49.41 रुपये प्रति लीटर से 6.87 रुपये प्रति लीटर बढ़ाकर 56.28 रुपये करने का प्रस्ताव है।
20 फीसदी इथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य
वित्तीय वर्ष के अंत तक इथेनॉल ब्लेंडिंग को 20 फीसदी तक बढ़ाने का लक्ष्य पहले से ही रखा गया है। पेट्रोल पर इथेनॉल ब्लेंडिंग का आंकड़ा वर्तमान में 15.83 फीसदी है। प्राज इंडस्ट्रीज एक इंजीनियरिंग फर्म है जो डिस्टिलरी और ब्रूअरी वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट और उपयोग के लिए सॉल्यूशन प्रदान करती है। कंपनी को कई शुगर आइटम्स जैसे डाइल्यूटेड / मिक्स्ड जूस / सिरप / शुगर या बी-हैवी मोलासेस को इथेनॉल में कनवर्ट करने के लिए जाना जाता है।
प्राज इंडस्ट्रीज पर कवरेज करने वाले सभी आठ एनालिस्ट्स ने स्टॉक पर "Buy" रेटिंग दी है। प्राज इंडस्ट्रीज के अलावा, GM Breweries, Tilaknagar Industries, Globus Spirits जैसी डिस्टिलरी कंपनियों के शेयर भी केंद्रीय मंत्रिमंडल के नतीजों से पहले 4 फीसदी तक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।