Prataap Snacks के शेयरों में आज 27 सितंबर को 3 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है। इस समय यह स्टॉक 3.15 फीसदी गिरकर 848 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। दरअसल, गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) अथॉरिटी ने कंपनी की बेंगलुरु मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में तलाशी और जब्ती अभियान चलाया है। इस खबर के बाद आज कंपनी के शेयरों में जमकर बिकवाली देखी गई।
26 सितंबर को एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि टैक्स अधिकारियों ने 25 सितंबर को अनेकल तालुक में स्थित उसके परिसर का दौरा किया। कंपनी ने कहा, "हमने अधिकारियों को अपना पूरा सहयोग दिया है और उनके द्वारा मांगे गए स्पष्टीकरण और डिटेल का जवाब दिया है।"
अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का कुल राजस्व सालाना आधार पर 17.31 फीसदी बढ़कर 389.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। तिमाही के दौरान नेट प्रॉफिट 13.42 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान अवधि में 9.95 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। Q1FY23 में 1.3 करोड़ रुपये के ऑपरेटिंग लॉस के मुकाबले तिमाही में ऑपरेटिंग प्रॉफिट 32.8 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी और शेयरों का प्रदर्शन
प्रताप स्नैक्स स्नैक फूड बनाने और डिस्ट्रीब्यूशन के बिजनेस में लगी हुई है। कंपनी डायमंड ब्रांड नाम के तहत चिप्स, नमकीन और एक्सट्रूडेड स्नैक्स जैसे कई पॉपुलर स्नैक आइटम तैयार करती है। पिछले 6 महीने में स्टॉक ने करीब 25 फीसदी का रिटर्न दिया है। हालांकि, पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों का प्रदर्शन फ्लैट रहा है।