कंडोम और हेल्थकेयर प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी क्यूपिड के शेयरों में गुरुवार यानी 12 नवंबर को जोरदार तेजी देखने को मिली। इसकी बड़ी वजह कंपनी का सितंबर तिमाही में शानदार प्रदर्शन है। क्यूपिड का शेयर शेयर सुबह में तेजी के साथ खुला। उसके बाद शेयरों को पंख लग गए। इससे शेयर 52 हफ्ते की ऊंचाई पर पहुंच गए। 11:30 बजे शेयर 8.71 फीसदी चढ़कर 384.85 रुपये पर चल रहा था।
Q2 में मुनाफा 133% बढ़ा, EBITDA मार्जिन 29%
Cupid ने 11 नवंबर को सितंबर तिमाही के नतीजों का एलान किया। इस दौरान नेट प्रॉफिट 56.22 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले की समान अवधि के 24.12 करोड़ रुपये के नेट प्रॉफिट के मुकाबले 133 फीसदी ज्यादा है। वहीं, कंपनी का EBITDA 54.77 करोड़ रुपये रहा और EBITDA मार्जिन 29 फीसदी पर पहुंच गया। मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ और ऑपरेटिंग प्रदर्शन ने तिमाही नतीजों को मजबूती दी।
सितंबर तिमाही में रेवेन्यू में 124% बढ़ा
कंपनी के ऑपरेशंस से रेवेन्यू में भी शानदार उछाल देखने को मिला। सितंबर तिमाही में Cupid का रेवेन्यू बढ़कर 188 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 84 करोड़ रुपये था। इस तरह सालाना आधार पर रेवेन्यू में करीब 124 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
FY27 के लिए बढ़ाया रेवेन्यू और मुनाफे का अनुमान
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपने वित्तीय अनुमान को बढ़ा दिया है। Cupid को अब पूरे वित्त वर्ष में कम से कम 880 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल होने की उम्मीद है। वहीं, कंपनी ने नेट प्रॉफिट का अनुमान बढ़ाकर कम से कम 275 करोड़ रुपये कर दिया है।
V2 Retail और Style Baazar के साथ साझेदारी से मिलेगी मजबूती
कंपनी की V2 Retail के साथ साझेदारी से अगले 12 महीनों में करीब 400 करोड़ रुपये का रेवेन्यू आने की उम्मीद है। इसके अलावा Style Baazar के साथ हुए करार से वित्त वर्ष 2026-27 में करीब 200 करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिलने का अनुमान है। यह दोनों पार्टनरशिप रेवेन्यू के लिहाज से काफी अहम हैं।
कंडोम सहित कई वेलनेस प्रोडक्ट बनाती है कंपनी
यह कंपनी पुरुषों के लिए कंडोम, महिलाओं के लिए कंडोम, ल्यूब्रिकेंट्स और डायग्नॉस्टिक किट्स सहित कई तरह के प्रोडक्ट्स बनाती है। यह महाराष्ट्र की कंपनी है। यह 100 से ज्यादा देशों में अपने प्रोडक्ट्स का निर्यात करती है। कंपनी की ऑर्डर बुक काफी स्ट्रॉन्ग है।
एक साल में निवेशकों का पैसा करीब 7 गुना
कंपनी के शेयरों ने निवेशकों का मालामाल किया है। बीते एक साल में इसने निवेशकों का पैसा करीब सात गुना कर दिया है। 12 नवंबर, 2025 को कंपनी का शेयर 55.89 रुपये पर था। आज यह शेयर 385 रुपये पर चल रहा है। इसका मतलब है कि अगर आपने एक साल पहले इस शेयर में एक लाख रुपये लगाए होते तो आज आपका पैसा बढ़कर करीब 7 लाख रुपये हो गए होते।