केंद्रीय बैंक RBI ने 19 मई को 2000 रुपये के नोट को सर्कुलेशन से हटाने का ऐलान किया। बैंकों को तत्काल इस मूल्य के नोट जारी नहीं करने का निर्देश दे दिया गया है। वहीं आम लोगों को 30 सितंबर तक बैंकों या आरबीआई के अधिकृत केंद्रों पर इन्हें बदलने को कहा है। अब इसका मार्केट पर क्या असर पड़ेगा, इसे लेकर एक्सपर्ट का कहना है कि इसे निवेश के मौके पर भी तौर देख सकते हैं। ब्रोकरेज फर्म आईआईएफएल सिक्योरिटीज के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट अनुज गुप्ता के मुताबिक दो हजार रुपये के नोट पर आरबीआई के आदेश से गोल्ड और बैंकिंग शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिल सकती है।
इक्विटी पर कैसे पड़ेगा असर
अनुज गुप्ता के मुताबिक अब दो हजार रुपये के नोट बैंकों में जमा होंगे और इससे बैंकों की क्रेडिट ग्रोथ बढ़ेगी। इससे बैंकिंग सिस्टम में लिक्विडिटी बढ़ेगी। ऐसे में यह फैसला बैंकिंग शेयरों और बैंक निफ्टी के लिए पॉजिटिव है। बैंक निफ्टी में पोजिशन लेने की बात करें तो इसे 43200 पर तत्काल सपोर्ट मिल रहा है और फिर 42500 पर जबकि 44500 और फिर 45200 पर रेजिस्टेंस दिख रहा है।
गोल्ड को लेकर कैसा है रुझान
करीब सात साल पहले जब नोटबंदी हुई थी थी तो एकाएक गोल्ड की मांग बढ़ गई थी। अब अनुज गुप्ता के मुताबिक ऐसा ही रुझान इस बार भी दिख सकता है। उनका मानना है कि कुछ लोग दो हजार रुपये के नोट को बैंकों में जमा करने या बदलने की बजाय इसे गोल्ड में बदलने का विकल्प चुन सकते हैं। इसका असर भाव पर भी दिख सकता है। आरबीआई के फैसले के चलते इस कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन मल्टी-कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर गोल्ड के भाव प्रति दस ग्राम 694 रुपये और चांदी के भाव प्रति किग्रा 1225 रुपये रुपये बढ़ गए।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।