23 Hours Trading at Nasdaq: दुनिया की कुछ सबसे बड़ी टेक कंपनियों के शेयरों को ट्रैक करने वाले नैस्डैक ने ऐसी बड़ी योजना तैयार की है जिससे दिन के 24 में से 23 घंटे ट्रेडिंग हो सकेगी। सीएनबीसी-टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक नैस्डैक की योजना रात 9 बजे से सुबह 4 बजे ET(ईस्टर्न टाइम जोन, उत्तरी अमेरिका में एक इलाका) तक नई ओवरनाइट ट्रेडिंग सेशन शुरू करने की है। अगर इस योजना के तहत ट्रेडिंग शुरू होती है तो नैस्डैक स्टॉक मार्केट में हफ्ते में पांच दिन लगभग 23 घंटे हर दिन ट्रेडिंग संभव हो सकेगी। नया सेशन फिलहाल 6 दिसंबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि अभी यह अमेरिकी बाजार नियामक SEC (सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन) की मंजूरी और SIP (सिक्योरिटीज इंफॉर्मेशन प्रोसेसर) की तैयारी से तय होगा।
प्रस्तावित शेड्यूल के तहत ट्रेडिंग रविवार रात 9 बजे से शुक्रवार रात 8 बजे ET तक चलेगी। हर दिन रात 8 बजे से 9 बजे ET तक एक घंटे का ब्रेक होगा, जिसका इस्तेमाल प्रोसेसिंग और अगले ट्रेडिंग डे में ट्रांजिशन के लिए किया जाएगा। वहीं नैस्डैक के मौजूदा सुबह 4 बजे से रात 8 बजे ET तक के ट्रेडिंग घंटे में कोई बदलाव नहीं होगा। नैस्डैक ने यह फैसला दुनिया भर के निवेशकों के लिए अमेरिकी स्टॉक्स तक पहुंच बढ़ाने की कोशिश का हिस्सा है। अमेरिका के बाहर के निवेशकों की मांग लगातार बढ़ रही है।
क्या बदलेगा निवेशकों के लिए?
नए ओवरनाइट सेशन में ट्रेडिंग करने के लिए मार्केट पार्टिसिपेंट्स को ऑर्डर एंट्री के लिए नए पोर्ट्स लेने होंगे। हालांकि रेगुलर ट्रेडिंग के दौरान ऑर्डर्स के जितने प्रकार होते हैं, वे सभी रात के सेशन में नहीं होंगे जैसे कि मार्केट ऑर्डर्स, और कुछ ओपनिंग और क्लोजिंग ऑर्डर्स नहीं उपलब्ध होंगे तो ओवरनाइट सेशन में दिए गए जो ऑर्डर सुबह 4 बजे ET तक पूरे नहीं होंगे, वे कैंसल कर दिए जाएंगे और अगला ट्रेडिंग सेशन शुरू होने पर उन्हें दोबारा डालना होगा।
नैस्डैक की योजना ओवरनाइट ट्रेडिंग के लिए सुरक्षा के लिए अतिरिक्त तरीके भी लागू करने की है। जैसे कि स्टैटिक प्राइस बैंड्स जिसके तहत एक तय लिमिट के बाहर के ऑर्डर्स खारिज कर दिए जाएंगे। हालांकि अभी इस पर नियामकीय मंजूरी लेनी होगी।
साथ ही नए सेशन में ट्रेडिंग एक्टिविटी के लिए अलग मार्केट फीड उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा नैस्डैक की योजना पूरे दिन अधिक मार्केट कवरेज देने के लिए नैस्डैक प्लस प्रोडक्ट्स भी पेश करने की योजना बना रहा है।
किन एक्सचेंजों पर होगा लागू
योजना के मुताबिक नैस्डैक का एक्सटेंडेड शेड्यूल सिर्फ नैस्डैक स्टॉक मार्केट पर लागू होगा। नैस्डैक टेक्सास, पीएसएक्स और नैस्डैक के ऑप्शंस एक्सचेंजों पर यह लागू नहीं होगा और ये अपने मौजूदा ट्रेडिंग शेड्यूल के अनुसार ही काम करते रहेंगे।
अभी नैस्डैक पर तीन ट्रेडिंग सेशन होते हैं-
प्री-मार्केट: 4 AM-9:30 AM ET
रेगुलर मार्केट: 9:30 AM-4 PM ET
पोस्ट-मार्केट: 4 PM-8 PM ET
अब प्रस्ताव के तहत 9 PM-4 AM ET तक ओवरनाइट सेशन लाने की योजना है जो पोस्ट-मार्केट और प्री-मार्केट के बीच के मौजूदा गैप को भर देगा।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।