Rekha Jhunjhunwala Portfolio: दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला (Rekha Jhunjhunwala) ने पिछली तिमाही जनवरी-मार्च 2024 में दो कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। इसमें से एक कंपनी में तो उन्होंने डेढ़ फीसदी से अधिक हिस्सेदारी बढ़ाई है। यह खुलासा कंपनियों के मार्च 2024 तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न से हुआ है। बड़े-बड़े निवेशकों के पोर्टफोलियो पर आम निवेशकों की निगाहें लगी रहती हैं कि उन्होंने क्या खरीदा और क्या बेचा। कंपनियों को 1 फीसदी से अधिक होल्डिंग वाले शेयरहोल्डर्स का खुलासा करना होता है। इसी खुलासे के तहत सामने आया है कि रेखा झुनझुनवाला ने मार्च 2024 तिमाही में वेलर एस्टेट (Valor Estate) और एग्रो टेक फूड्स (Agro Tech Foods) में हिस्सेदारी बढ़ाई है।
रेखा झुनझुनवाला के पास वेलर एस्टेट के 2.5 करोड़ शेयर हैं जो कंपनी की 4.7 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। दिसंबर तिमाही में कंपनी में उनकी हिस्सेदारी 3 फीसदी ही थी यानी कि रेखा ने वेलर एस्टेट में 1.7 फीसदी हिस्सेदारी बढ़ाई है। आज इसके शेयर BSE पर 1.67 फीसदी की गिरावट के साथ 217.80 रुपये पर बंद हुए हैं। एक साल में शेयरों के चाल की बात करें तो यह मल्टीबैगर साबित हुआ है। पिछले साल 5 जुलाई 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 69.50 रुपये पर था और 7 महीने में यह 310 फीसदी उछलकर 9 फरवरी 2024 को 284.95 रुपये पर पहुंच गया जो इसके लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
दिसंबर 2023 तिमाही में रेखा झुनझुनवाला की एग्रो टेक फूड्स की हिस्सेदारी 7.1 फीसदी थी जो मार्च 2024 में बढ़कर 7.5 फीसदी पर पहुंच गई यानी कि रेखा ने अपनी हिस्सेदारी 0.4 फीसदी बढ़ाई है। उनके पास अब इसके 18,23,759 शेयर हैं। एग्रो टेक फूड्स के शेयरों के चाल की बात करें तो आज BSE पर यह 1.30 फीसदी की गिरावट के साथ 730.85 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। 29 फरवरी 2024 को यह एक साल के ऊंचे स्तर 1089 रुपये पर थे। इस लेवल से अगले दो हफ्ते में यह करीब 41 फीसदी फिसलकर पिछले महीने 13 मार्च 2024 को 646.90 रुपये पर आ गया। इस लेवल से फिलहाल यह करीब 13 फीसदी रिकवर हो चुका है।