Stocks to Sell: मोतीलाल ओसवाल ने किया सावधान! ₹42 रुपये नीचे गिर सकता है स्मॉलकैप स्टॉक

Motilal Oswal ने Relaxo Footwears पर ‘Sell’ रेटिंग बरकरार रखी है और 240 रुपये का टारगेट दिया है, जो 282 रुपये के भाव से 15% नीचे है। ब्रोकरेज के मुताबिक कंपनी की ग्रोथ सिर्फ दाम बढ़ाने से आ रही है, जबकि वॉल्यूम 10% घटा है

अपडेटेड Nov 17, 2026 पर 2:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Motilal Oswal ने Relaxo Footwears पर ‘Sell’ रेटिंग बरकरार रखी है और 240 रुपये का टारगेट दिया है

Motilal Oswal ने Relaxo Footwears पर अपनी ‘Sell’ रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने 240 रुपये का रिवाइज्ड टारगेट दिया है, जबकि शेयर अभी 282 रुपये पर है। यानी शेयर में 42 रुपये या 15% की गिरावट की आशंका है। ब्रोकरेज की चिंता ये है कि कंपनी की ग्रोथ पूरी तरह दाम बढ़ाने से आ रही है और बिकने वाले जोड़ों की गिनती घट रही है।

मोतीलाल ओसवाल ने क्यों दी ‘Sell’ की सलाह

कमजोर वॉल्यूम और मार्जिन पर दबाव को देखते हुए Motilal Oswal ने FY27 से FY29 तक के EPS अनुमान 8% से 15% तक घटा दिए हैं। अब ब्रोकरेज को FY26 से FY28 के बीच रेवेन्यू में 5%, EBITDA में 8% और PAT में 11% की सालाना ग्रोथ (CAGR) का अनुमान है।


शेयर अभी FY28 की अनुमानित कमाई के 32 गुना P/E पर ट्रेड कर रहा है। ब्रोकरेज के मुताबिक करीब 11% की अर्निंग ग्रोथ और करीब 8% के RoE के हिसाब से ये वैल्यूएशन महंगा लगता है, खासकर तब जब नजदीकी ग्रोथ ज्यादातर दाम बढ़ाने से आ रही है। इसी को देखते हुए ब्रोकरेज ने दिसंबर 2028 के अनुमानित EPS के 24 गुना पर 240 रुपये का टारगेट तय किया है।

कैसे रहे कंपनी के Q2 Results?

FY27 की दूसरी तिमाही में Relaxo का रेवेन्यू 12% बढ़कर 700 करोड़ रुपये पहुंच गया। पर ये पूरी बढ़त कीमतों के दम पर आई। एक जोड़ी की औसत कीमत (ASP) 23% बढ़कर 186 रुपये हो गई, जबकि वॉल्यूम 10% गिरकर 3.7 करोड़ जोड़ी रह गया। ये 5 तिमाहियों का सबसे कम वॉल्यूम है। कंपनी का मुख्य Hawai सेगमेंट भी वॉल्यूम के दबाव में रहा।

कंपनी ने ओपन फुटवियर के दाम 15% से 18% और क्लोज्ड फुटवियर के दाम 6% से 7% तक बढ़ाए। कुल बिक्री में ओपन फुटवियर का हिस्सा करीब 80% है। ग्राहकों का विरोध कम रखने के लिए दाम किस्तों में बढ़ाए गए और साथ में करीब 150 नए प्रोडक्ट लॉन्च किए गए। मैनेजमेंट के मुताबिक दाम बढ़ाने का काम अब ज्यादातर पूरा हो चुका है।

खर्च बढ़ा, EBITDA मार्जिन पर चोट

बढ़े दामों ने कच्चे माल की महंगाई की ज्यादातर भरपाई कर दी, इसलिए ग्रॉस मार्जिन करीब 50 बेसिस पॉइंट बढ़कर 61.5% हो गया। पर कर्मचारियों पर खर्च 15% और दूसरे खर्च 14% बढ़ गए। नतीजा ये रहा कि EBITDA करीब 5% बढ़कर 85.3 करोड़ रुपये तो हुआ, पर EBITDA मार्जिन 76 बेसिस पॉइंट घटकर 12.2% रह गया। नेट प्रॉफिट करीब 2% बढ़कर 37 करोड़ रुपये रहा।

मैनेजमेंट के मुताबिक मार्जिन इसलिए घटा क्योंकि कुछ लागतें बढ़ीं और उनका बोझ ग्राहकों पर पूरा नहीं डाला जा सका। इनमें रबर के रिकॉर्ड दाम (करीब 300 रुपये प्रति किलो), न्यूनतम मजदूरी में बदलाव और ब्रांड बिल्डिंग व रिटेल पर बढ़ा खर्च शामिल है। कच्चे माल के दाम स्थिर होने तक मार्जिन पर दबाव बना रह सकता है।

चौथी तिमाही से लौट सकती है डबल डिजिट ग्रोथ

मैनेजमेंट को उम्मीद है कि डीलर और दुकानदार जैसे-जैसे बढ़े दामों को अपनाएंगे, FY27 की चौथी तिमाही से ग्रोथ फिर डबल डिजिट में लौटेगी। इसमें रिटेल, ई-कॉमर्स और प्रीमियम कैटेगरी आगे रहेंगी। दूसरी तिमाही में रिटेल करीब 23% बढ़ा, जबकि पहली छमाही में स्पोर्ट्स शूज और स्नीकर्स करीब 18% बढ़े।

अभी कंपनी के 445 एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट (EBO) हैं, जिन्हें FY27 के आखिर तक 500 करने का टारगेट है। सभी नए स्टोर प्रीमियम फॉर्मेट में होंगे।

केन्या में कंपनी 70 करोड़ रुपये के निवेश वाला JV बना रही है, जिसमें उसकी हिस्सेदारी 51% होगी। Q1FY28 से वहां रोज करीब 50000 जोड़ी बनाने वाली फैक्ट्री शुरू करने की योजना है। इससे पूर्वी अफ्रीका के बाजारों तक बिना ड्यूटी पहुंच मिलेगी।

पहली छमाही में भी घटा वॉल्यूम, कैश फ्लो पर दबाव

पहली छमाही में रेवेन्यू करीब 10% बढ़कर 1410 करोड़ रुपये रहा, पर वॉल्यूम करीब 6% घटकर 7.9 करोड़ जोड़ी पर आ गया। त्योहारी सीजन खिसकने की वजह से कंपनी ने बड़ा इन्वेंट्री स्टॉक तैयार किया। इससे कोर वर्किंग कैपिटल एक साल पहले के 84 दिन से बढ़कर 93 दिन हो गई। ऑपरेटिंग कैश फ्लो सिर्फ 2 करोड़ रुपये रहा और फ्री कैश फ्लो 100 करोड़ रुपये निगेटिव हो गया। इसकी भरपाई 41.1 करोड़ रुपये के शॉर्ट टर्म कर्ज से और कैश व इन्वेस्टमेंट घटाकर की गई।

त्योहारी सीजन में चमका इस ज्वेलरी स्टॉक का भाग्य! Q2 में मुनाफा 78% बढ़ा, शेयर 8% उछला

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।