Reliance Industries Q1 Results: रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार की उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन, सभी बिजनेसेज की ग्रोथ डबल डिजिट में रही

Reliance Industries Q1 Results: रिलायंस इंडस्ट्रीज का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू जून तिमाही में साल दर साल आधार पर 25 फीसदी बढ़कर 3.40 लाख करोड़ रुपये रहा। इसमें सभी बिजनेस सेगमेंट के अच्छे प्रदर्शन का हाथ रहा। रेकरिंग कंसॉलिडेटेड EBITDA एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 10.1 फीसदी बढ़कर 54,067 करोड़ रुपये रहा

अपडेटेड Jul 17, 2026 पर 8:09 PM
RIL ने 17 जुलाई को शेयर बाजार बंद होने के बाद जून तिमाही के नतीजों का ऐलान किया।

Reliance Industries Q1 Results: रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) ने जून तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहा। सभी प्रमुख सेगमेंट यानी ऑयल-टू-केमिकल (ओ2सी), डिजिटल सर्विसेज और रिटेल की ग्रोथ डबल डिजिट में रही। इससे आरआईएल को बीते कुछ सालों में एनर्जी मार्केट में आए सबसे बड़े संकट का सामना करने में मदद मिली।

रेवेन्यू में साल दर साल आधार पर 25 फीसदी इजाफा

RIL का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू जून तिमाही में साल दर साल आधार पर 25 फीसदी बढ़कर 3.40 लाख करोड़ रुपये रहा। इसमें सभी बिजनेस सेगमेंट के अच्छे प्रदर्शन का हाथ रहा। रेकरिंग कंसॉलिडेटेड EBITDA एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 10.1 फीसदी बढ़कर 54,067 करोड़ रुपये रहा। टैक्स से पहले प्रॉफिट (PBT) 8.5 फीसदी बढ़कर 30,630 करोड़ रुपये रहा।


रेकरिंग प्रॉफिट 6.1 फीसदी बढ़कर 23,196 करोड़ रुपये

आरआईएल का टैक्स बाद रेकरिंग प्रॉफिट (मॉइनरिटी इंटरेस्ट से पहले) जून तिमाही में एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 6.1 फीसदी बढ़कर 23,196 करोड़ रुपये रहा, जो अब तक का सबसे ज्यादा है। हालांकि, रिपोर्टेड प्रॉफिट में गिरावट आई। इसकी वजह यह है कि एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को एशियन पेंट्स में हिस्सेदारी बेचने से 8,924 करोड़ रुपये का वन-टाइम गेन हुआ था।

जून तिमाही में 38,682 करोड़ रुपये का निवेश

रिलायंस इंडस्ट्रीज ने जून तिमाही में 38,682 करोड़ रुपये का निवेश किया। ऑपरेटिंग कैश फ्लो से कंपनी को पूंजीगत खर्च करने में मदद मिली। जून तिमाही के अंत में कंपनी पर शुद्ध कर्ज (Net Debt) 1.23 लाख करोड़ रुपये पर बना रहा। आरआईएल ने 17 जुलाई को शेयर बाजार बंद होने के बाद जून तिमाही के नतीजों का ऐलान किया।

जियोपॉलिटिकल टेंशन के बावजूद प्रदर्शन 

RIL के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने कहा, "रिलायंस ने FY27 की अच्छी शुरुआत की है। सभी बिजनेसेज का प्रदर्शन मजबूत रहा। हमारे विविध बिजनेस पोर्टफोलियो ने एक बार ऐसी तिमाही में अपनी ताकत दिखाई है, जिसमें जियोपॉलिटिकल टेंशन लगातार बना रहा और कमोडिटी मार्केट्स में उतार-चढ़ाव रहा।"

डिजिटल सर्विसेज बिजनेस का रेवेन्यू 20 फीसदी बढ़ा

जियो प्लेटफॉर्म्स सबसे बड़े ग्रोथ इंजन में से एक बना रहा। डिजिटल सर्विसेज का रेवेन्यू साल दर साल आधार पर 20 फीसदी बढ़ा। जियो प्लेटफॉर्म्स का EBITDA 15 फीसदी बढ़कर 20,865 करोड़ रुपये रहा। मार्जिन बढ़कर 53.3 फीसदी पहुंच गया। टेलीकॉम बिजनेस के सब्सक्राइबर्स की संख्या जून तिमाही के अंत में 53.33 करोड़ रुपये रही। इसमें 5जी के 28.5 करोड़ यूजर्स शामिल हैं। जून तिमाही में फिक्स्ड ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबर्स की संख्या बढ़कर 2.86 करोड़ हो गई।

रिटेल बिजनेस का रेवेन्यू 7.4 फीसदी बढ़कर 90,408 करोड़

रिलायंस रिटेल वेंचर्स का प्रदर्शन भी अच्छा रहा। ग्रॉसरी, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और फैशन की ग्रोथ डबल डिजिट में रही। रिटेल बिजनेस का रेवेन्यू 7.4 फीसदी बढ़कर 90,408 करोड़ रुपये रहा। रिलायंस रिटेल का EBITDA 1.1 फीसदी गिरकर 6,309 करोड़ रुपये रहा। मार्जिन 80 बेसिस प्वाइंट्स घटकर 7.9 फीसदी पर आ गई। रिलायंस रिटेल ने जून तिमाही में 252 नए स्टोर ओपन किए। इससे टोटल स्टोर की संख्या बढ़कर 20,169 पहुंच गई।

डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।

डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट के पास है, जिसकी रिलायंस इंडस्ट्रीज एकमात्र लाभार्थी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।