RIL Share Price : 19 जून को होने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं सालाना आम बैठक (AGM) से पहले कंपनी के शेयरों में तेजी देखने को मिली है। आज मंगलवार को यह शेयर सुबह के कारोबार में 1.87% तक चढ़ा। NSE पर 12 बजे के आसपास यह शेयर ₹21.70 यानी 1.66% की बढ़त के साथ ₹1,328.70 रुपए पर ट्रेड कर रहा था। पिछले तीन ट्रेडिंग सेशन में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 5% से ज्यादा की बढ़त हुई है। स्टॉक में यह रैली कंपनी की 19 जून को होने वाली AGM से पहले आई है। कंपनी के एजीएम में ग्रुप के टेलीकॉम,रिटेल,एनर्जी और नए बिज़नेस इनिशिएटिव्स के बारे में किए जाने वाले एलानों पर बाजार की नजर है।
जानिए स्टॉक को कहां से मिल रहा सपोर्ट
US-ईरान शांति समझौता और तेल की कीमतों में नरमी
US-ईरान शांति समझौता और तेल की कीमतों में नरमी से इस शेयर को सपोर्ट मिला है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ के फिर से खुलने से कंपनी को फायदा होगा। कच्चे तेल की सप्लाई बढ़ने की संभावना का असर तेल की कीमतों पर पड़ा है। मंगलवार को ब्रेंट क्रूड की कीमत 83 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई। लगातार चौथे सेशन में तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। WTI क्रूड 80 डॉलर प्रति बैरल के आस-पास ट्रेड कर रहा है।
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक,वॉल स्ट्रीट के बड़े बैंक आने वाली तिमाहियों के लिए तेल की कीमतों के अपने अनुमान घटा रहे हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को फिर से खोलने के लिए हुए अंतरिम समझौते के बाद मध्य पूर्व में कच्चे तेल का उत्पादन के फिर से शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। इसके चलते तेल की कीमतों में नरमी आने की संभावना है।
मॉर्गन स्टेनली और गोल्डमैन सैक्स ग्रुप इंक दोनों का ही मानना है कि इस साल की आखिरी तिमाही में कच्चे तेल की कीमतों में कमी आएगी। फारस की खाड़ी से तेल की सप्लाई फिर से शुरू होने पर कच्चे तेल में नरमी आएगी। गोल्डमैन को उम्मीद है कि अगले महीने के आखिर तक स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
बैंक ने एक नोट में कहा गया है कि उसे उम्मीद है कि आखिरी तिमाही में ब्रेंट की कीमत 80 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहेगी। जबकि, पहले इसने ब्रेंट की प्राइस 90 डॉलर के आसपास रहने का अनुमान लगाया गया था। मॉर्गन स्टेनली का अनुमान है कि फिजिकल मार्केट में बेंचमार्क'डेटेड ब्रेंट'की कीमत तीसरी तिमाही में औसतन 90 डॉलर प्रति बैरल रहेगी (जो पहले 100 डॉलर अनुमानित थी)। वहीं, चौथी तिमाही में यह 80 डॉलर के आसपास रहेगी।
AGM में बड़े ऐलान होने की उम्मीद
रिलायंस इंडस्ट्रीज की AGM (सालाना आम बैठक) 19 जून को दोपहर 2 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए होगी। एजीएम में बड़े फैसले होने की उम्मीद से भी यह शेयर भागा है।
मेटा डेटा सेंटर पार्टनरशिप
इस महीने की शुरुआत में हुई उस घोषणा से भी शेयर को सपोर्ट मिला है,जिसमें कहा गया है कि मेटा भारत में अपना पहला AI-इनेबल्ड डेटा सेंटर बनाने के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ पार्टनरशिप करेगी। इस समझौते के तहत,रिलायंस गुजरात के जामनगर में 168-मेगावाट का डेटा सेंटर बनाएगी,जिसे मेटा लीज़ पर लेगी। रिलायंस इस सुविधा के लिए डिजाइन,कंस्ट्रक्शन,यूटिलिटी मैनेजमेंट,रिन्यूएबल पावर,कनेक्टिविटी और मैनेज्ड सर्विसेज़ उपलब्ध कराएगी। इस प्रोजेक्ट से डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और AI से जुड़े कारोबार में रिलायंस की मौजूदगी मजबूत होने की उम्मीद है।
(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।