SBI Share: FY25 में 600 नए ब्रांच खोलने की तैयारी, 4 साल में 318% रिटर्न दे चुका है स्टॉक

पिछले एक महीने में SBI के शेयरों में सुस्ती देखी गई और यह 3 फीसदी गिरा है। वहीं, पिछले 6 महीने में इसमें करीब 4 फीसदी की ही तेजी आई है। पिछले एक साल में इसने 32 फीसदी का रिटर्न दिया है। इसके अलावा, पिछले 4 सालों में इसके निवेशकों को 318 फीसदी का तगड़ा रिटर्न मिला है

अपडेटेड Oct 02, 2024 पर 3:48 PM
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) मौजूदा वित्त वर्ष में देश भर में 600 ब्रांच खोलने की योजना बना रहा है।

SBI share price: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) मौजूदा वित्त वर्ष में देश भर में 600 ब्रांच खोलने की योजना बना रहा है। SBI का इरादा इसके जरिए बड़े रेसिडेंशियल टाउनशिप सहित उभरते क्षेत्रों में बिजनेस के अवसरों का लाभ उठाना है। एसबीआई के चेयरमैन सी एस सेट्टी ने आज 2 अक्टूबर को यह जानकारी दी। बता दें कि एक अक्टूबर को एसबीआई के शेयरों में 1.19 फीसदी की तेजी देखी गई और यह स्टॉक BSE पर 797 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इस तेजी के साथ बैंक का मार्केट कैप बढ़कर 7.11 लाख करोड़ रुपये हो गया है। स्टॉक का 52-वीक हाई 912.10 रुपये और 52-वीक लो 543.15 रुपये है।

SBI के चेयरमैन ने बताया पूरा प्लान

चेयरमैन शेट्टी ने कहा, “हमारे पास ब्रांच विस्तार की मजबूत योजनाएं हैं…यह मुख्य रूप से उभरते क्षेत्रों पर केंद्रित होगी। बहुत सी रेसिडेंशियल कॉलोनियां हमारे दायरे में नहीं हैं। मौजूदा वित्त वर्ष में हम लगभग 600 ब्रांच खोलने की योजना बना रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “हम लगभग 50 करोड़ ग्राहकों को सेवा प्रदान करते हैं और हमें यह कहते हुए गर्व होता है कि हम प्रत्येक भारतीय, और उससे भी अहम बात, प्रत्येक भारतीय परिवार के बैंकर हैं।”


डिपॉजिटर्स को आकर्षित करने के लिए भारतीय स्टेट बैंक रिकरिंग डिपॉजिट और SBI के कॉम्बो प्रोडक्ट सहित इनोवेटिव प्रोडक्ट लाने पर विचार कर रहा है। एसबीआई ने पिछले वित्त वर्ष (2023-24) में 137 नए ब्रांच खोले थे। इनमें से 59 ब्रांच ग्रामीण क्षेत्र में थे। एसबीआई की देशभर में मार्च 2024 तक 22,542 ब्रांच हैं। इसके अलावा, एसबीआई के देशभर में 65,000 एटीएम और 85,000 बैंकिंग प्रतिनिधि भी हैं।

SBI के शेयरों का प्रदर्शन

पिछले एक महीने में SBI के शेयरों में सुस्ती देखी गई और यह 3 फीसदी गिरा है। वहीं, पिछले 6 महीने में इसमें करीब 4 फीसदी की ही तेजी आई है। हालांकि, इस साल अब तक कंपनी के शेयर 24 फीसदी बढ़े हैं। पिछले एक साल में इसने 32 फीसदी का रिटर्न दिया है। इसके अलावा, पिछले 4 सालों में इसके निवेशकों को 318 फीसदी का तगड़ा रिटर्न मिला है।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।