Senior Citizen FD: SBI में ₹10 लाख जमा करने पर हर महीने कितना ब्याज मिलेगा? समझिए पूरा कैलकुलेशन
Senior Citizen FD: रिटायरमेंट के बाद FD नियमित और सुरक्षित कमाई का अच्छा विकल्प हो सकती है। SBI में ₹10 लाख की FD पर वरिष्ठ नागरिकों को अवधि के हिसाब से 6.75% से 7.05% तक ब्याज मिल सकता है। जानिए सालाना कमाई, औसत मासिक ब्याज और FD के ब्याज पर लगने वाले टैक्स का पूरा हिसाब।
FD ब्याज पर आपके इनकम टैक्स स्लैब के हिसाब से टैक्स लगता है।
Senior Citizen FD: रिटायरमेंट के बाद नियमित कमाई की जरूरत बढ़ जाती है। ऐसे में सीनियर सिटीजन के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) एक विकल्प है। इसमें जमा रकम पर तय ब्याज मिलता है। साथ ही, बैंक वरिष्ठ नागरिकों को आम ग्राहकों के मुकाबले ज्यादा ब्याज भी देते हैं।
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में भी सीनियर सिटीजन के लिए अलग ब्याज दरें हैं। अगर आपकी उम्र 60 साल या इससे ज्यादा है और आप ₹10 लाख की FD कराने की योजना बना रहे हैं, तो जानिए कितनी कमाई हो सकती है।
SBI में सीनियर सिटीजन को कितना ब्याज?
SBI की वेबसाइट पर उपलब्ध ब्याज दरों के मुताबिक, ₹3 करोड़ से कम की घरेलू FD पर सीनियर सिटीजन को अवधि के हिसाब से अलग-अलग ब्याज मिलता है। 5 से 10 साल की FD पर SBI WeCare स्कीम के तहत अतिरिक्त ब्याज भी शामिल है।
FD की अवधि
ब्याज दर
1 साल से 2 साल से कम
6.75%
2 साल से 3 साल से कम
6.90%
3 साल से 5 साल से कम
6.80%
5 साल से 10 साल तक
7.05%
सोर्स :SBI की आधिकारिक साइट (19 अक्टूबर 2026 तक)
₹10 लाख की FD पर कितनी कमाई?
अगर कोई सीनियर सिटीजन ₹10 लाख की FD पर 7.05% सालाना ब्याज पाता है, तो एक साल का ब्याज करीब ₹70,500 होगा। वहीं, 6.75% की दर पर सालाना ब्याज ₹67,500 और 6.90% की दर पर ₹69,000 होगा।
हर महीने कितने रुपये मिलेंगे?
अगर ₹10 लाख की FD पर 7.05% सालाना ब्याज मिलता है, तो साल भर में करीब ₹70,500 की कमाई होगी। इसे 12 महीनों में बांटें, तो औसतन करीब ₹5,875 प्रति माह बैठता है।
FD के ब्याज पर कितना टैक्स लगेगा?
FD ब्याज पर आपके इनकम टैक्स स्लैब के हिसाब से टैक्स लगता है। हालांकि, ओल्ड टैक्स रिजीम में सीनियर सिटिजंस को Section 80TTB के तहत ब्याज में सालाना ₹50,000 तक का डिडक्शन मिल सकता है। वहीं, सीनियर सिटिजन की FD से एक वित्त वर्ष में कुल ब्याज ₹1 लाख से ज्यादा होने पर आम तौर पर TDS कटता है।
उदाहरण के लिए, अगर ₹10 लाख की FD पर सालाना ₹70,500 ब्याज मिलता है, तो यह वरिष्ठ नागरिकों के लिए लागू ₹1 लाख की TDS सीमा से कम है। ऐसे में बैंक आम तौर पर TDS नहीं काटेगा। हालांकि, ब्याज पर टैक्स लगेगा या नहीं, यह आपकी कुल सालाना कमाई पर निर्भर करेगा।
FD कराने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
FD खोलते समय ब्याज भुगतान का विकल्प सोच-समझकर चुनना चाहिए। अगर हर महीने खर्च चलाने के लिए रकम चाहिए, तो मासिक ब्याज भुगतान वाला विकल्प बेहतर हो सकता है। वहीं, अगर नियमित कमाई की जरूरत नहीं है, तो मैच्योरिटी पर ब्याज लेने वाले विकल्प पर भी विचार कर सकते हैं।
FD की अवधि भी अपनी जरूरत के हिसाब से तय करें। समय से पहले FD तोड़ने पर बैंक के नियमों के अनुसार पेनल्टी लग सकती है या ब्याज कम मिल सकता है। इसलिए इमरजेंसी के लिए कुछ रकम अलग रखना भी जरूरी है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।