Share Market Close: भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार 9 जून को लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स जहां 223 अंक लुढ़क गया। वहीं निफ्टी गिरकर 18,600 के नीचे आ गया। इसके चलते शेयर बाजार में आज निवेशकों को आज करीब 75,000 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। आज के कारोबार में सबसे अधिक गिरावट FMCG, आईटी, मेटल और ऑटो शेयरों में देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर कैपिटल गुड्स और टेलीकॉम शेयरों में तेजी का रुख रहा। ब्रॉडर मार्केट में लगभग सपाट कारोबार रहा। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमश: 0.03% और 0.02% की तेजी के साथ बंद हुए।
कारोबार के अंत में, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 223.01 अंक या 0.35 फीसदी टूटकर 62,625.63 अंक पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी (Nifty) 66.15 अंक या 0.35 फीसदी की गिरावट के साथ 18,568.40 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों के 75 हजार करोड़ डूबे
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
सेंसेक्स के 30 में से सिर्फ 11 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें भी इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank) के शेयरों में सबसे अधिक 3.13 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इसके बाद एक्सिस बैंक (Axis Bank), पावर ग्रिड (Power Grid), लर्सन एंड टुब्रो (L&T) और अल्ट्राटेक सीमेंट (UltraTech Cement) के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही और ये करीब 0.14% से लेकर 1.30% तक की तेजी के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट
वहीं सेंसेक्स के बाकी 19 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी टाटा स्टील (Tata Steel) के शेयरों में सबसे अधिक 1.89% की गिरावट रही। इसके बाद भारतीय स्टेट बैंक (SBI), हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL), एचसीएल टेक (HCL Tech) और इंफोसिस (Infosys)के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट रही और ये करीब 1.33% से लेकर 1.60% तक लुढ़ककर बंद हुए।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
1,789 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के मुकाबले गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 3,648 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,743 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 1,789 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 116 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।