Share Market Rally: अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन में विपक्षी पार्टी डेमोक्रेट की धमाकेदार जीत की खुमारी अभी भी भारतीय मार्केट पर छाई हुई है और लगातार सातवें दिन मार्केट में रौनक है। वैश्विक बाजारों में हाहाकार के बावजूद धनतेरस (Dhanteras) के मौके पर आज सेंसेक्स और निफ्टी ने निचले स्तर से जोरदार रिकवरी की। दिन के निचले स्तर से सेंसेक्स 1000 प्वाइंट्स से अधिक ऊपर चढ़ गया तो निफ्टी 23400 के नीचे से रिकवर करते हुए 24700 के पार पहुंच गया। निफ्टी 4 अगस्त के बाद पहली बार इंट्रा-डे में 24,700 के पार गया है तो सेंसेक्स 5 मार्च के बाद 80 हजार के पार।
हालांकि ब्रोडर लेवल पर भारी दबाव बना हुआ है और स्मॉलकैप स्पेस में बिकवाली की आंधी अधिक तेज चल रही है। निफ्टी मिडकैप 100 में करीब 1% की गिरावट है तो निफ्टी स्मॉलकैप 100 में डेढ़ फीसदी से अधिक की गिरावट है। साथ ही मार्केट में डर बढ़ा है और इसे मापने वाला इंडिकेटर India VIX फिलहाल 8.24% के उछाल के साथ 16.87 पर है। इसके अधिक होने का मतलब शॉर्ट टर्म में वोलैटिलिटी हाई होने की आशंका है।
अब घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो फिलहाल 11:02 AM पर सेंसेक्स (Sensex) 410.53 प्वाइंट्स यानी 0.52% की बढ़त के साथ 79,720.54 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 65.65 प्वाइंट्स यानी 0.27% के उछाल के साथ 24,602.25 पर है। इंट्रा-डे में बात करें तो शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 293.96 प्वाइंट्स टूटकर 79,016.05 तक आया था, जिससे फिर यह 1028.62 प्वाइंट्स रिकवर होकर 80,044.67 तक पहुंचा तो दूसरी तरफ निफ्टी 148.55 प्वाइंट्स फिसलकर 24,388.05 तक आया, जिससे फिर यह 314.55 प्वाइंट्स चढ़कर 24,702.60 तक पहुंचा।
Share Market Rally: ये है वजह
आईटी सेक्टर से मजबूत सपोर्ट
अमेरिका से लेकर कोरिया तक चिप शेयरों की बिकवाली के बीच घरेलू मार्केट में भारतीय आईटी कंपनियों के शेयरों की चमक बढ़ गई। अमेरिका में टेक हैवी नास्डाक 5% से अधिक तो दक्षिण कोरिया का कोस्पी भी 5% अधिक फिसला है, वहीं भारतीय मार्केट में आईटी स्टॉक्स का निफ्टी इंडेक्स करीब डेढ़ फीसदी मजबूत हुआ है। जियोजीत इंवेस्टमेंट्स के वीके विजयकुमार के मुताबिक अमेरिका में मिडटर्म इलेक्शन में डेमोक्रेट की धमाकेदार जीत के बाद आशंका जताई जाने लगी कि डेटा सेंटर पर खर्च नरम पड़ सकता है क्योंकि डेमोक्रेट्स पहले भी इसका विरोध कर चुके हैं। वीके विजयकुमार का कहना है कि एआई की सुस्ती भारतीय आईटी कंपनियों के लिए फायदेमंद है।
कंपनियों के उम्मीद से बेहतर नतीजे
जियोजीत के वीके विजयकुमार के मुताबिक मार्केट में जो रैली चल रही है, उसे कंपनियों के उम्मीद से बेहतर नतीजे से सपोर्ट मिल रहा है। लॉर्जकैप के आकर्षक वैल्यूएशन के चलते निवेशक धड़ाधड़ खरीदारी कर रहे हैं।
ब्रेंट क्रूड $100 के नीचे
ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1% से अधिक ऊपर चढ़ा है लेकिन अब भी यह प्रति बैरल $100 के अहम मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे ही है, जिससे मार्केट में सेंटिमेंट बेहतर बना हुआ है।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की खरीदारी से मार्केट को सपोर्ट मिला। विदेशी निवेशकों ने लगातार पांच कारोबारी दिनों में ₹35,808.74 करोड़ के शेयरों की नेट खरीदारी की, जिसमें से ₹14,974.68 करोड़ के शेयरों की यानी सबसे अधिक खरीदारी 5 नवंबर को की। इससे मार्केट को सपोर्ट मिला है। विदेशी निवेशकों की खरीदारी को सेबी के प्रस्ताव से सपोर्ट मिला है। न्यूज एजेंसी रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक सेबी ने सरकार से FIIs को एलटीसीजी पर टैक्स से छूट का प्रस्ताव दिया है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।