Share Market Rise: शेयर बाजार में इन 5 कारणों से बंपर तेजी; सेंसेक्स 1900 अंक उछला, निफ्टी 22,900 के पार

Share Market Rally: भारतीय शेयर बाजारों में आज 1 अप्रैल को भारी तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी ने लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद आज दमदार वापसी की, जिससे निवेशकों ने राहत की सांस ली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1900 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी 2.6% की छलांग लगाकर 22,900 के पार पहुंच गया। मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के जल्द खत्म होने के संकेतों से निवेशकों का मनोबल हाई दिखा

अपडेटेड Apr 01, 2026 पर 3:54 PM
Story continues below Advertisement
Share Market Rally: मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी शुरुआती कारोबार में 3 प्रतिशत से अधिक उछल गए

Share Market Rally: भारतीय शेयर बाजारों में आज 1 अप्रैल को भारी तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी ने लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद आज दमदार वापसी की, जिससे निवेशकों ने राहत की सांस ली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1900 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी 2.6% की छलांग लगाकर 22,900 के पार पहुंच गया। मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के जल्द खत्म होने के संकेतों से निवेशकों का मनोबल हाई दिखा। क्रूड ऑयल में नरमी और वैल्यू बाइंग से इस तेजी को और सपोर्ट मिला।

सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी आज हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। सबसे अधिक तेजी आईटी, इंडस्ट्रियल, कैपिटल गुड्स और मेटल शेयरों में देखने को मिली। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी शुरुआती कारोबार में 3 प्रतिशत से अधिक उछल गए।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 1186.77 अंक या 1.65% बढ़कर 73,134.32 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 348.00 अंक या 1.56% बढ़कर 22,679.40 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इससे पहले मार्च में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 11% से ज्यादा की गिरावट आई थी, जो छह साल में उनका सबसे खराब मंथली परफॉर्मेंस था।


शेयर बाजार में आज की इस तेजी के पीछे 5 बड़े कारण रहे-

1. भू-राजनीतिक तनाव में नरमी के संकेत

शेयर बाजार में तेजी का सबसे बड़ा कारण पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदें रहीं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिका अगले 2 से 3 हफ्तों के भीतर ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई खत्म कर सकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस संघर्ष को खत्म करने के लिए ईरान के साथ किसी औपचारिक समझौते की जरूरत नहीं होगी।

इसके साथ ही, बाजार को ईरान की ओर से भी पॉजिटिव संकेत मिले। जियोजित इनवेस्टमेंट लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट, वीके विजयकुमार ने बताया, “ईरान के राष्ट्रपति की ओर युद्ध खत्म करने को लेकर दिखाई गई ‘ओपननेस’ और विदेश मंत्री की ओर अमेरिका के साथ संदेशों के आदान-प्रदान की पुष्टि से संकेत मिलता है कि यह संघर्ष जल्द खत्म हो सकता है।”

उन्होंने यह भी कहा कि बाजार इस संभावित डी-एस्केलेशन को पहले ही प्राइस-इन करना शुरू कर चुका है, जिसका असर कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट के रूप में दिख रहा है।

2. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी

अमेरिका और ईरान की जंग खत्म होने की उम्मीद से क्रूड में नरमी आई है। ब्रेंट क्रूड का भाव बुधवार को 105 डॉलर के नीचे फिसला गया। वहीं डॉलर और बॉन्ड यील्ड में कमजोरी से सोने चांदी में तेजी लौटी है। इंटरनेशनल मार्केट में सोना 4700 डॉलर के पार दिख रहा है।

3. ग्लोबल बाजारों में जोरदार तेजी

पश्चिम एशिया में युद्ध जल्द खत्म होने की उम्मीद से ग्लोबल बाजारों में भी आज शानदार तेजी दिखी। एशियाई बाजारों में सुबह के कारोबार के दौरान 3.7% की तेजी देखी गई। गिफ्ट निफ्टी में 450 प्वाइंट का उछाल देखने को मिला है। डाओ फ्यूचर्स में भी बढ़त दिख रही है। इससे पहले अमेरिकी शेयर बाजार भी बीती रात तेज उछाल के साथ के बंद हुए थे। नैस्डैक सबसे ज्यादा करीब 4% उछला था। इससे भारतीय बाजारों में भी पॉजिटिव माहौल बना।

4. वैल्यू बायिंग से बाजार को सपोर्ट

हालिया दो दिनों की तेज गिरावट के बाद निवेशकों ने आज निचले स्तरों पर खरीदारी शुरू की, जिससे बाजार को मजबूती मिली। निफ्टी 50 के सभी 50 शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखे, जो व्यापक स्तर पर खरीदारी का संकेत है।

स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में भी शानदार तेजी रही। स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 3.5% और मिडकैप इंडेक्स 3.2% तक चढ़ गया। सभी 16 सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी दर्ज की गई। इससे साफ है कि यह रैली केवल कुछ चुनिंदा शेयरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे बाजार में फैल गई।

5. India VIX में बड़ी गिरावट

शेयर बाजार के निवेशकों में मौजूद घबराहट का संकेत देने वाला India VIX इंडेक्स आज करीब 10% गिरकर 25 के स्तर पर आ गया। VIX इंडेक्स में यह गिरावट निवेशकों के डर में कमी और जोखिम लेने की बढ़ती क्षमता को दिखाती है। जैसे-जैसे भू-राजनीतिक तनाव कम होने की उम्मीद बढ़ी, वैसे-वैसे बाजार में स्थिरता लौटती दिखी, जिसने इस तेजी को और मजबूती दी।

टेक्निकल चार्ट्स पर क्या मिल रहे संकेत?

चॉइस ब्रोकिंग के रिसर्च एनालिस्ट, हितेश टेलर के मुताबिक, “नई लॉन्ग पोजीशन तभी बनानी चाहिए जब निफ्टी मजबूती से 24,000 के स्तर के ऊपर टिके। इससे बाजार में बेहतर सेंटिमेंट और मजबूत बुलिश ट्रेंड का संकेत मिलेगा। हालांकि, जब तक यह स्तर निर्णायक रूप से नहीं टूटता, तब तक निवेशकों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।” इसका मतलब है कि फिलहाल यह तेजी एक राहत रैली हो सकती है, और मजबूत अपट्रेंड की पुष्टि के लिए अहम स्तरों को पार करना जरूरी है।

यह भी पढ़ें- F&O Trading: इन 8 शेयरों में आज से शुरू हुई फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस ट्रेडिंग, चेक करें लॉट साइज और पूरी लिस्ट

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।