Share Market Rise: भारतीय शेयर बाजारों में आज 16 फरवरी को जोरदार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुरुआती गिरावट के बाद बाजार ने शानदार रिकवरी की और सेंसेक्स 650 अंकों से भी अधिक उछल गया। वहीं निफ्टी 25,700 के पार पहुंच गया। हालांकि इससे पहले शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स एक समय 349.81 अंक गिरकर 82,276.95 के स्तर तक चला गया। वहीं निफ्टी 98.4 अंक टूटकर 25,372.70 पर आ गया था।
हालांकि, इसके बाद बाजार में खरीदारी लौटी। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 650.39 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,277.15 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 211.65 अंक यानी 0.83 प्रतिशत चढ़कर 25,682.75 पर बंद हुआ।
शेयर बाजार में आज की इस उठा-पटक के पीछे 4 बड़े कारण रहे-
शुक्रवार की भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने आज निचले स्तरों पर खरीदारी यानी वैल्यू बाइंग की। खासकर रियल्टी, फार्मा और FMCG शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। इन सेक्टरों में आई मजबूती ने बाजार को सहारा दिया।
इससे पहले शुक्रवार को सेंसेक्स 1,048 अंकों की गिरावट के साथ 82,626 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 336.10 अंक टूटकर 25,471.10 पर बंद हुआ था। इस गिरावट के बाद निवेशक आज कई शेयरों पर निचले स्तरों पर मौके का फायदा उठाते हुए दिखे।
2. दिग्गज शेयरों में जोरदार खरीदारी
सोमवार को बाजार में बड़ी कंपनियों के शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली। रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी और एक्सिस बैंक जैसे हैवीवेट शेयरों में निवेशकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी ली। इन दिग्गज कंपनियों का इंडेक्स पर बड़ा असर होता है, इसलिए इनमें आई तेजी ने पूरे बाजार को सपोर्ट दिया और सेंटीमेंट मजबूत किया।
3. बैंकिंग शेयरों में तेजी
बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में भी अच्छी खरीदारी रही। बेहतर फंडामेंटल्स और मजबूत क्रेडिट ग्रोथ की उम्मीदों के बीच निवेशकों का भरोसा बैंक शेयरों पर बना रहा। इसके चलते, निफ्टी बैंक इंडेक्स करीब 1.2% की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा। बैंकिंग शेयरों की तेजी ने बाजार की रिकवरी को और मजबूती दी।
एशियाई शेयर बाजारों में आज मिला-जुला रुख रहा। हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स करीब 0.4% चढ़ा, जबकि जापान का निक्केई 225 इंडेक्स सपाट बंद हुआ। चीन और साउथ कोरिया के बाजार लूनर न्यू ईयर की छुट्टियों के कारण बंद रहे। वहीं, अमेरिकी बाजार भी शुक्रवार को मिले-जुले स्तर पर बंद हुए थे। इन ग्लोबल संकेतों का असर भारतीय बाजार में उतार-चढ़ाव के रूप में दिखा।
चार्ट्स से क्या मिल रहे संकेत?
जियोजित इनवेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स के मुताबिक, मौजूदा मोमेंटम के चलते निफ्टी 25,270 से 25,215 के दायरे तक फिसल सकता है। हालांकि 25,450 के आसपास सपोर्ट मिलने पर बाजार में रिकवरी देखने को मिल सकती है। उन्होंने कहा कि ट्रेंड में स्पष्ट बदलाव का संकेत तभी मिलेगा, जब निफ्टी 25,530 के ऊपर मजबूती से कारोबार करता हुआ दिखे।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।