Share Market: सप्ताह के पहले दिन ही शेयर बाजार धड़ाम, निवेशकों के करीब 7 लाख करोड़ रुपये डूबे

Sensex और Nifty में सोमवार को 2.5 फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ निवेशकों के करीब 7 लाख करोड़ रुपये सिर्फ एक दिन में डूब गए

अपडेटेड Jun 13, 2022 पर 4:32 PM
BSE सेंसेक्स सोमवार को 1,4567 अंक या 2.68 फीसदी गिरकर 52,847 पर बंद हुआ

दलाल स्ट्रीट पर आज चारों तरफ अफरातफरी मची थी। बेंचमार्क इंडेक्सों में 2.5 फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ निवेशकों के करीब 7 लाख करोड़ रुपये सिर्फ एक दिन में डूब गए। कारोबारी सप्ताह की इससे खराब शुरुआत और क्या हो सकती है।

अमेरिकी में महंगाई दर के 40 सालों के उच्चतम स्तर पर पहुंचने और फेडरल रिजर्व की तरफ से इस हफ्ते में ब्याज दरों में आक्रामक बढ़ोतरी करने की आशंका से दुनिया भर के निवेशक सहम हुए हैं। इसी के चलते वे भारत सहित कई उभरते देशों से बदहवासी में अपने पैसे निकाल रहे हैं, जिसने बाजार के सेंटीमेंट को पूरी तरह बिगाड़ दिया है।

मोतीलाल ओसवाल के इक्विटी स्ट्रैटजी हेड, हेमंग जानी ने बताया, "मई में अमेरिका में महंगाई के 40 सालों के उंचे स्तर पर पहुंचने के बाद दुनिया भर के शेयर बाजारों में बिकवाली यानी गिरावट का माहौल है। निवेशकों को आशंका है इस महंगाई को रोकने के लिए अमेरिकी फेडरल रिजर्व इस हफ्ते होने वाली अपनी बैठक में ब्याज दरों में आक्रामक रूप से बढ़ोतरी का ऐलान कर सकता है, जिससे बाजार में निवेश के लिए पैसा कम हो सकता है।"


यह भी पढ़ें- कमजोर बाजार में भी दिखाया दमखम, ट्रेंड के उलट 12% तक मजबूत हुए ये शेयर

जानी ने कहा, "भारत में मई के महंगाई आंकड़े आने अभी बाकी है, लेकिन शेयर बाजार इस लेकर अभी से नर्वस दिख रहा है। इसे अलावा कई सेंट्रल बैंकों की आने वाले दिनों में बैठक है, जिसे लेकर निवेशक सतर्क बने हुए हैं।"

आज यानी सोमवार 13 जून को बॉम्बे स्टॉक एक्चेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 1,456.74 अंक या 2.68 फीसदी गिरकर 52,847 पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी 427.40 अंक या 2.64 फीसदी गिरकर 15774 के स्तर पर बंद हुआ है।

इंट्राडे के दौरान दोनों एक्सचेंजों में 3 फीसदी तक की गिरावट देखी गई। हालांकि तकनीकी रूप से निफ्टी 15,700 के स्तर को बचाने में कामयाब रहा, जिसने मई में भी मजबूत सपोर्ट के रूप में काम किया था। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर सूचकांक इससे नीचे बंद होता है तो बाजार में और गिरावट आ सकती है।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 245.19 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले कारोबारी सत्र के अंत में 251.8 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज 6.82 लाख करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। बता दें कि 30 से अब तक बीएसई के मार्केट कैप में 13.6 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आ चुकी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।