Share Market Today: शेयर बाजार में बुधवार 13 मार्च को हाहाकार की स्थिति रही। सेंसेक्स ने जहां 900 अंकों को गोता लगाया। वहीं निफ्टी 22,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे आ गया। इसके चलते निवेशकों के आज एक झटके में करीब 13.57 लाख करोड़ डूब गए। सबसे अधिक तबाही रही, छोटे और मझोले शेयरों में। बीएसई के स्मॉलकैप और मिडकैप इंडेक्स दोनों 4.2% से अधिक गिरकर बंद हुए। यहां तक कि बीएसई के सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में रहे। पावर, रियल्टी, यूटिलिटी, टेलीकम्युनिकेशंस, कमोडिटी और मेटल शेयरों के इंडेक्स तो 5% से भी ज्यादा गिरकर बंद हुए।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 906.07 अंक या 1.23% गिरकर 72,761.89 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 338.00 अंक या 1.51% की गिरावट के साथ 21,997.70 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों के ₹13.57 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 13 मार्च को घटकर 372.07 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गए, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार 12 मार्च को 385.64 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 13.57 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की वेल्थ में करीब 13.57 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से सिर्फ 6 शेयर आज तेजी के साथ बंद हुए। इसमें भी आईटीसी (ITC) के शेयरों में सबसे अधिक 4.49% की तेजी रही। इसके बाद आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank), कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank), नेस्ले इंडिया (Nestle India) और बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही और ये 0.33% से लेकर 0.47 फीसदी तक की तेजी के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर
वहीं सेंसेक्स के बाकी 24 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भीपावर ग्रिड (Power Grid) का शेयर 7.28 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं एनटीपीसी (NTPC), टाटा स्टील (Tata Steel), टाटा मोटर्स (Tata Motors) और जेएसडब्लू स्टील (JSW Steel) के शेयर 3.32% से लेकर 6.67 फीसदी की गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
3,514 शेयरों में रही तेजी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के मुकाबले गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 3,976 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 402 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 3,514 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 60 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 97 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 253 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।