Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार बुधवार 9 अप्रैल को तेज गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स लगभग 400 अंक टूट गया। वहीं निफ्टी गिरकर 22,400 के नीचे चला गया। आईटी, मेटल, फार्मा और PSU बैंकों के शेयरों में जोरदार गिरावट देखने को मिली। इसके चलते निवेशकों को आज करीब ढाई लाख करोड़ रुपये का घाटा हुआ। निवेशकों को मनोबल तब और कमजोर हो गया, जब RBI ने मौजूदा वित्त वर्ष के लिए GDP ग्रोथ रेट का अनुमान 6.7 फीसदी से घटाकर 6.5 फीसदी कर दिया। इसके अलावा भारतीय सामानों पर अमेरिका के 26% टैरिफ के आज लागू होने से भी निवेशक सतर्क दिखे। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी 1 फीसदी तक लुढ़ककर बंद हुए।
