Share Market Close: भारतीय शेयर बाजार गुरुवार 2 फरवरी को मिले-जुले संकेतों के साथ बंद हुए। सेंसेक्स (Sensex) जहां आज 224 अंकों से अधिक की अच्छी उछाल के साथ बंद हुआ। वहीं निफ्टी (Nifty-50) दिन के अधिकतर समय लाल निशान यानी घाटे में कारोबार करता रहा और अंत में 6 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। बाजार जानकारों का कहना है कि निफ्टी-50 में अडानी ग्रुप के दो शेयर भी शामिल हैं, जिनमें तेज बिकवाली के चलते निफ्टी इंडेक्स लुढ़क गया। इसके अलावा निफ्टी में कई बैंकों का भी अच्छा वेटेज है, जिनके शेयर अडानी ग्रुप में एक्सपोजर के चलते दबाव में है। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो पावर और यूटिलिटीज शेयरों के इंडेक्स 3 फीसदी से अधिक गिरावट के साथ बंद हुआ। जबकि ऑयल एंड गैस शेयरों का इंडेक्स 2 फीसदी से अधिक की गिरावट के चलते बंद हुआ। इस सबके चलते आज शेयर बाजार में निवेशकों को करीब 69 हजार करोड़ रुपये का घाटा हुआ है।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स (Sensex) जहां 224.16 अंक या 0.38% बढ़कर 59,932.24 अंक पर बंद हुआ। हालांकि एनएसई का निफ्टी (Nifty) 5.90 अंक या 0.033% गिरकर 17,610.40 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों के 69 हजार करोड़ डूबे
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में आज रही सबसे अधिक तेजी
सेंसेक्स के 30 में से 17 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें आईटीसी (ITC) के शेयरों में सबसे अधिक 4.72 फीसदी तेजी देखने को मिली। इसके बाद इंडसइंड बैंक (Indusind Bank), हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL), इंफोसिस (Infosys) और विप्रो (Wipro) के शेयरों में सबसे अधिक उछाल रही और ये करीब 1.79% से लेकर 3.78% की तेजी के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर आज सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के 13 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए हैं। इसमें भी एचडीफएसी (HDFC) के शेयरों में सबसे अधिक 2.04% की गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा एनटीपीसी (NTPC), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance), पावर ग्रिड (Power grid) और टाटा स्टील (Tata Steel) भी आज 1.60 फीसदी से लेकर 1.71 फीसदी तक की गिरावट के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
1,829 शेयर गिरावट के साथ हुए बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के मुकाबले गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 3,627 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,668 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 1,829 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 130 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।