Share Markets Today: इन 5 वजहों से बाजार में तूफानी तेजी, सेंसेक्स 753 अंक उछला

सुबह में बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी हल्की तेजी के साथ खुले। बाद में खरीदारी बढ़ने से सूचकांकों को पंख लग गए। कारोबार खत्म होने पर निफ्टी 0.87 फीसदी यानी 211 अंक के उछाल के साथ 24,576 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स 0.96 फीसदी यानी 753 अंक की तेजी के साथ 79,273 अंक पर क्लोज हुआ

अपडेटेड Apr 21, 2026 पर 5:11 PM
Story continues below Advertisement
21 अप्रैल को छोटे-बड़े सभी शेयरों में तेजी दिखी। बाजार में चढ़ने वाले शेयरों की संख्या 2,592 थी, जबकि 963 शेयरों में कमजोरी दिखी।

भारतीय शेयर बाजारों में 21 अप्रैल को तूफानी तेजी दिखी। सुबह में बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी हल्की तेजी के साथ खुले। बाद में खरीदारी बढ़ने से सूचकांकों को पंख लग गए। कारोबार खत्म होने पर निफ्टी 0.87 फीसदी यानी 211 अंक के उछाल के साथ 24,576 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स 0.96 फीसदी यानी 753 अंक की तेजी के साथ 79,273 अंक पर क्लोज हुआ। बैंक निफ्टी में 1.39 फीसदी यानी 789 अंक की तेजी आई।

21 अप्रैल को छोटे-बड़े सभी शेयरों में तेजी दिखी। बाजार में चढ़ने वाले शेयरों की संख्या 2,592 थी, जबकि 963 शेयरों में कमजोरी दिखी। 149 शेयरों की कीमतें अपरिवर्तित रही। इनवेस्टर्स के लिए अच्छी खबर यह है कि India VIX करीब 6 फीसदी गिराकर 17.71 पर आ गया है। चढ़ने वाले शेयरों में सीमेंस एनर्जी इंडिया (Siemens Energy India), Varun Beverages, Lodha Developers, Gail (India), Asian Paints और DLF शामिल रहे।

जियोजित इनवेस्टमेंट्स के हेड ऑफ रिसर्च विनोद नायर ने कहा, "यूएस-ईरान के बीच दूसरी दौर की बातचीत शुरू होने की उम्मीद और ग्लोबल मार्केट्स के पॉजिटिव संकेतों से भारतीय शेयर बाजारों में तेजी आई है। एफएमसीजी और रियल्टी शेयरों का तेजी में काफी योगदान रहा। अर्निंग्स अपडेट्स का असर भी बाजार के सेंटीमेंट पर पड़ा है। आरबीआई के फॉरेक्स पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने से बैंकिंग शेयरों में तेजी दिखी। स्मॉलकैप शेयरों का प्रदर्शन बाकी शेयरों से बेहतर रहा। शॉर्ट टर्म में निवेशकों की नजरें कॉर्पोरेट अर्निंग्स पर बनी रहेगी।"

इन वजहों से बाजार में आई तेजी:


1. क्रू़ड ऑयल में नरमी

20 अप्रैल को तेज उछाल के बाद क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट आई। ब्रेंट गिरकर 94-95 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था। इसकी वजह अमेरिका और ईरान में दूसरे दौर की बातचीत जल्द शुरू होने की उम्मीद है। मध्यपूर्व में लड़ाई शुरू होने के बाद एक समय क्रूड की कीमतें गिराकर 118 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई थी। क्रूड में नरमी दुनियाभर के लिए अच्छी खबर है। खासकर भारत के लिए यह नरमी बहुत मायने रखती है, क्योंकि भारत अपनी 90 फीसदी ऑयल की जरूरत इंपोर्ट से पूरी करता है।

2. एशियाई बाजारों से पॉजिटिव संकेत

एशियाई बाजारों में तेजी का भारतीय बाजार पर अच्छा असर पड़ा। खासकर जापान और दक्षिण कोरिया के बाजारों में अच्छी तेजी दिखी। इसका असर भारत सहित दूसरे एशियाई बाजारों के सेंटीमेंट पर पड़ा।

3. इंडिया वीआईएक्स में गिरावट

इंडिया वीआईएक्स में 5.75 फीसदी की गिरावट दिखी। इससे शॉर्ट टर्म में मार्केट में रिस्क घटने का संकेत मिलता है। 20 अप्रैल को बाजार में काफी उतार-चढ़ाव दिखा था, जिससे रिस्क बढ़ गया था। इंडिया वीआईएक्स भी चढ़ा था।

4. बैंकिंग स्टॉक्स में तेजी

मंगलवार यानी 21 अप्रैल को बैंकिंग स्टॉक्स में तेजी दिखी। खासकर ICICI Bank, Axis Bank और बजाज फाइनेंस के शेयरों में उछाल दिखा। इससे निफ्टी बैंक 1.2 फीसदी तक चढ़ा। प्राइवेट बैंक के शेयरों में भी तेजी दिखी।

यह भी पढ़ें: Share Market Live News Update

5. निफ्टी का टेक्निकल आउटलुक

एनालिस्ट्स का मानना है कि आगे निफ्टी का ट्रेंड पॉजिटिव रह सकता है। हालांकि, यह सीमित दायरे में रहेगा। चॉइस ब्रोकिंग के आकाश शाह ने कहा कि निफ्टी 24,300 के ऊपर बना हुआ है। इससे शॉर्ट टर्म में आउटलुक पॉजिटिव लगता है। निफ्टी के लिए रेसिस्टेंस 24,450-24,500 पर रेसिस्टेंस है। इसे 24,150-24,200 पर सपोर्ट मिलेगा।

डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।