Sharekhan Stocks Picks: शेयरखान के पिटारे में हैं दमदार रिटर्न देने वाले 3 शेयर, 28% तक कमाई का मौका
Mirae Asset Sharekhan ने Zydus Wellness पर 586 रुपये, ONGC पर 275 रुपये और Wonderla Holidays पर 612 रुपये का टारगेट दिया है। जानिए तिमाही नतीजों में ऐसा क्या दिखा, जिसके दम पर ब्रोकरेज ने तीनों पर Buy की सलाह दी है।
Mirae Asset Sharekhan ने 3 शेयरों में खरीदारी की सलाह दी है।
ब्रोकरेज फर्म Mirae Asset Sharekhan ने 3 शेयरों में खरीदारी की सलाह दी है। ये हैं Zydus Wellness, ONGC और Wonderla Holidays। तीनों के लिए Buy रेटिंग है और मौजूदा भाव से 28 फीसदी तक ऊपर के टारगेट तय किए गए हैं। सबसे बड़ा अपसाइड Zydus Wellness में है, ONGC ने रिकॉर्ड डिविडेंड का ऐलान किया है और Wonderla को अपने नए Chennai पार्क से अच्छी रफ्तार मिली है।
Zydus Wellness: Comfort Click से बदली कमाई की तस्वीर
Zydus Wellness पर Sharekhan ने Buy रेटिंग बनाए रखी है और टारगेट प्राइस बदलकर 586 रुपये कर दिया है। शेयर का मौजूदा भाव 458 रुपये है, यानी टारगेट 27.9 फीसदी ऊपर है।
तिमाही नतीजों में कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 73.2 फीसदी उछलकर 1126.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस बड़ी छलांग के पीछे Comfort Click का कंसॉलिडेशन है। घरेलू रेवेन्यू 29 फीसदी बढ़ा, जबकि लाइक-फॉर-लाइक आधार पर इंटरनेशनल रेवेन्यू में 12.4 फीसदी की बढ़त रही।
मार्जिन के मोर्चे पर भी तस्वीर बेहतर हुई है। ग्रॉस मार्जिन सालाना आधार पर 828 बेसिस पॉइंट बढ़कर 61.2 फीसदी हो गया। इसमें ज्यादा मार्जिन वाले CCL कारोबार और कोर पोर्टफोलियो में सुधार का हाथ रहा। विज्ञापन और प्रमोशन पर खर्च तेजी से बढ़ने के बावजूद ऑपरेटिंग प्रॉफिट 3.7 गुना होकर 85.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया और OPM 7.6 फीसदी रहा। Q2FY26 में कंपनी को 4.1 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था, जबकि इस बार एडजस्टेड मुनाफा 5.1 करोड़ रुपये रहा।
एक बात पर नजर रखनी होगी। CCL की ग्रोथ Q1 के करीब 25 फीसदी से घटकर 12 फीसदी पर आ गई है। मैनेजमेंट को फिर भी भरोसा है कि H2FY27 में यह कारोबार डबल डिजिट ग्रोथ देगा। वैल्यूएशन की बात करें तो शेयर FY27 और FY28 के अनुमानित EPS के 29.7 गुना और 23.8 गुना पर ट्रेड कर रहा है।
कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 69.6 फीसदी है। FII के पास 3.6 फीसदी, DII के पास 19.4 फीसदी और बाकी निवेशकों के पास 7.4 फीसदी हिस्सा है।
ONGC पर क्या है राय?
ONGC के शेयरधारकों के लिए इस बार सबसे बड़ी खबर डिविडेंड की है। कंपनी के बोर्ड ने 8 रुपये प्रति शेयर का रिकॉर्ड अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। Sharekhan ने रेटिंग अपग्रेड करते हुए Buy की सलाह दी है और 275 रुपये का टारगेट रखा है। 223 रुपये के मौजूदा भाव से यह 23.3 फीसदी ऊपर है।
स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी का रेवेन्यू, EBITDA और मुनाफा तीनों बढ़े हैं। विवादित एक्साइज ड्यूटी रिसीवेबल के बावजूद EBITDA मार्जिन 60 फीसदी रहा।
कमजोर कड़ी उत्पादन रही। KG-98/2 के रिजर्वायर में दिक्कतों और प्रोजेक्ट्स में देरी की वजह से कच्चे तेल और गैस का उत्पादन घटा है। मैनेजमेंट को FY27 में 39 mmtoe उत्पादन की उम्मीद है।
वैल्यूएशन देखें तो मौजूदा भाव पर शेयर FY28 के अनुमानित EPS के 6.5 गुना और FY28 की अनुमानित बुक वैल्यू के 0.78 गुना पर मिल रहा है। साथ ही करीब 6 फीसदी की डिविडेंड यील्ड भी है, यानी शेयर रखने वाले को भाव बढ़ने के अलावा डिविडेंड से भी कमाई होती रहती है।
ONGC में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 58.9 फीसदी है। FII के पास 8.6 फीसदी, DII के पास 29 फीसदी और अन्य के पास 3.6 फीसदी हिस्सा है।
Wonderla Holidays पर भी बुलिश ब्रोकरेज
Wonderla Holidays पर भी Sharekhan ने Buy रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट बदलकर 612 रुपये कर दिया है। 509.80 रुपये के मौजूदा भाव से यह टारगेट 20 फीसदी ऊपर है।
कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 45.4 फीसदी बढ़कर 116.6 करोड़ रुपये रहा। इस ग्रोथ में सबसे बड़ा योगदान नए Chennai पार्क का है। पुराने पार्कों का रेवेन्यू 8 फीसदी बढ़ा, जबकि रिजॉर्ट कारोबार ने 57 फीसदी की छलांग लगाई।
पार्कों में भीड़ भी बढ़ी। फुटफॉल सालाना आधार पर 44 फीसदी बढ़कर 7.25 लाख पर पहुंच गया। टिकट के दाम 3 फीसदी घटे, लेकिन टिकट के अलावा दूसरी चीजों पर लोगों का खर्च 11 फीसदी बढ़ गया। इसी के दम पर प्रति विजिटर औसत कमाई यानी ARPU 1 फीसदी बढ़कर 1491 रुपये हो गई।
ऑपरेटिंग प्रॉफिट करीब 3 गुना होकर 21 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवरेज की वजह से OPM 868 बेसिस पॉइंट बढ़कर 18 फीसदी हो गया। पर मुनाफा सपाट रहा, क्योंकि डेप्रिसिएशन बढ़ा और पिछली अवधि से जुड़ा टैक्स चार्ज भी लगा। शेयर FY27 और FY28 के अनुमानित EV/EBITDA के 9.8 गुना और 7.6 गुना पर ट्रेड कर रहा है।
Wonderla Holidays में प्रमोटर्स के पास 62.2 फीसदी हिस्सेदारी है। FII के पास 3.8 फीसदी, DII के पास 9.7 फीसदी और अन्य निवेशकों के पास 24.3 फीसदी हिस्सा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।