ई-कॉमर्स कंपनी मीशो (Meesho) के शेयरों में सोमवार, 15 नवंबर को बड़ा उतारचढ़ाव देखने को मिल सकता है। इसकी वजह है सॉफ्टबैंक की हिस्सेदारी बिक्री। जापानी निवेशक सॉफ्टबैंक ग्रुप ने मीशो में अपनी 1.65 प्रतिशत हिस्सेदारी 1,885.17 करोड़ रुपये में बेची है। इसके साथ ही, भारत के ई-कॉमर्स सेक्टर में सॉफ्टबैंक का निवेश और कम हो गया है। NSE के ब्लॉक डील डेटा के अनुसार, इस हालिया सौदे में सॉफ्टबैंक की सहयोगी कंपनी SVF II मीरकट (DE) LLC ने मीशो के 7.64 करोड़ शेयर बेचे हैं। यह बिक्री 246.75 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर हुई।
इसके बाद, मीशो में SVF II मीरकट (DE) LLC की हिस्सेदारी 6.84 प्रतिशत से घटकर 5.19 प्रतिशत रह गई है। सौदे के तहत कई घरेलू और विदेशी संस्थागत निवेशक खरीदार रहे। सोसाइटे जेनरल सबसे बड़ी बायर रही। फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी 'सोसाइटे जेनरल' ने 364.65 करोड़ रुपये में 1.47 करोड़ से अधिक शेयर खरीदे हैं।
घरेलू संस्थागत खरीदारों में मोतीलाल ओसवाल, HDFC, एडलवाइस और आदित्य बिड़ला सन लाइफ द्वारा मैनेज्ड म्यूचुअल फंड और बजाज लाइफ इंश्योरेंस शामिल रहे। विदेशी निवेशकों में मॉर्गन स्टेनली, फिडेलिटी इनवेस्टमेंट्स, BNP पारिबा, गोल्डमैन सैक्स, घिसालो कैपिटल मैनेजमेंट, विलियम ब्लेयर इनवेस्टमेंट मैनेजमेंट और टेक्सास म्युनिसिपल रिटायरमेंट सिस्टम शामिल रहे। इस सौदे में सिंगापुर सरकार, मॉनेटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर और नॉर्वे के सॉवरेन वेल्थ फंड 'गवर्नमेंट पेंशन फंड ग्लोबल' ने भी हिस्सा लिया।
शेयर 3 महीनों में 30 प्रतिशत चढ़ा
मीशो के शेयर की कीमत वर्तमान में BSE पर 257.15 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 1.19 लाख करोड़ रुपये है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी का शेयर 3 महीनों में 30 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा है। साल 2026 में अब तक यह 40 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त देख चुका है। मीशो दिसंबर 2025 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 5,421.20 करोड़ रुपये का था।
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में मीशो का शुद्ध कंसोलिडेटेड घाटा सालाना आधार पर लगभग 68 प्रतिशत घटकर 132.44 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले घाटा 411.3 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 34.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 4131.58 करोड़ रुपये हो गया। सितंबर 2025 तिमाही में यह 3073.67 करोड़ रुपये था।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।