प्राइवेट सेक्टर की एयरलाइन स्पाइसजेट (SpiceJet) फंड जुटाने की तैयारी में है। इसके लिए कंपनी के बोर्ड की बैठक 11 दिसंबर को होने वाली है। एयरलाइन ने आज 7 दिसंबर को कहा कि कंपनी प्रेफरेंशियल आधार पर इक्विटी शेयर या कनवर्टिबल सिक्योरिटीज जारी करके फंड जुटाएगी। इस खबर के बीच आज कंपनी के शेयरों में 20 फीसदी का अपर सर्किट लगा है। यह स्टॉक इस समय 52.29 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है, जो कि इसका 52-वीक हाई है।
कंपनी ने कहा कि बोर्ड एप्लिकेबल नियमों के प्रावधानों के अनुसार और कंपनी के शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन प्रेफरेंशियल आधार पर इक्विटी शेयर या कनवर्टिबल सिक्योरिटीज जारी करके फंड जुटाने के विकल्पों पर चर्चा और विचार करेगा।
बता दें कि 5 दिसंबर को नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने स्पाइसजेट के खिलाफ दिवाला कार्यावाही को लेकर दायर याचिका खारिज कर दी है। यह याचिका एयरक्राफ्ट लीज पर देने वाली कंपनी विलिस लीज फाइनेंस कॉरपोरेशन ने एयरलाइन पर बकाया का दावा करते हुए दायर की थी।
28 नवंबर को मनीकंट्रोल ने सबसे पहले रिपोर्ट दी थी कि स्पाइसजेट के प्रमोटर अजय सिंह प्रमोटर कर्ज के हिस्से को रीफाइनेंस करने और एयरलाइन में संभावित रूप से नई इक्विटी डालने के लिए 10 करोड़ डॉलर तक जुटाने के लिए ग्लोबल प्राइवेट क्रेडिट फंडों के एक ग्रुप के साथ चर्चा कर रहे थे।
FY24 की पहली तिमाही में एयरलाइन ने 204.56 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जबकि एक साल पहले की अवधि में 788.83 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। एयरलाइन ने अभी तक सितंबर तिमाही के लिए अपनी नतीजों की घोषणा नहीं की है।