Sterling & Wilson Renewables Share: स्टर्लिंग एंड विल्सन रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड के शेयरों में आज 16 जनवरी को करीब 10 फीसदी तक की दमदार रैली देखी गई। यह स्टॉक BSE पर 8.54 फीसदी की बढ़त के साथ 460.85 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। दरअसल, कंपनी ने FY25 की दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए हैं, जिसके मुताबिक यह घाटे से मुनाफे में लौट आई है। इस खबर के बाद आज कंपनी के शेयरों में जमकर खरीदारी हुई। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 10760 करोड़ रुपये हो गया है। स्टॉक का 52-वीक हाई 828 रुपये और 52-वीक लो 403.50 रुपये है।
कैसे रहे Sterling & Wilson के तिमाही नतीजे
स्टर्लिंग एंड विल्सन ने दिसंबर तिमाही में ₹14.8 करोड़ का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि पिछले साल दिसंबर तिमाही में कंपनी को ₹63.7 करोड़ का शुद्ध घाटा हुआ था। कंपनी का EBITDA पॉजिटिव ₹70.5 करोड़ रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में ₹16 करोड़ का घाटा हुआ था। तिमाही के दौरान EBITDA मार्जिन 3.8% रहा।
स्टर्लिंग एंड विल्सन का रेवेन्यू बढ़कर ₹1837 करोड़ हो गया, जो पिछले साल की समान अवधि में दर्ज ₹583 करोड़ की आय का लगभग तिगुना है। स्टर्लिंग एंड विल्सन के लिए इस साल अब तक का ऑर्डर इनफ्लो ₹5920 करोड़ रहा है, जबकि दिसंबर तक कुल ऑर्डर बुक ₹12250 करोड़ था। कंपनी शुक्रवार, 17 जनवरी को अपने एनालिस्ट्स की बैठक आयोजित करेगी।
Sterling & Wilson के शेयरों का प्रदर्शन
स्टर्लिंग एंड विल्सन के शेयरों में पिछले 6 महीने में 33 फीसदी की गिरावट आई है। पिछले एक साल में स्टॉक ने फ्लैट रिटर्न दिया है। पिछले तीन सालों में इसके निवेशकों को महज 12 फीसदी का रिटर्न मिला है। वहीं, पिछले 5 सालों में इसने 48 फीसदी का मुनाफा कराया है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।