Market news : भारतीय इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स BSE सेंसेक्स और Nifty 21 अप्रैल को GIFT Nifty से मिले सकारात्मक संकेतों के चलते बढ़त के साथ खुल सकते हैं। GIFT Nifty इस समय लगभग 24,419 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। करेंसी और इक्विटी बाजारों में आज क्या हो रहा है यह जानने के लिए मनीकंट्रोल के साथ बने रहें। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूची जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।
20 अप्रैल को भारतीय इक्विटी बाज़ारों में लगातार दूसरे सत्र में भी बढ़त जारी रही,लेकिन उतार-चढ़ाव के बीच बाज़ार सपाट बंद हुए। ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष-विराम को लेकर बनी अनिश्चितता का निवेशकों के सेंटीमेंट पर निगेटिव असर पड़ा। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 26.76 अंक या 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,520.30 पर और निफ्टी 11.30 अंक या 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,364.85 पर बंद हुआ।
सुबह 07:55 बजे के आसपास गिफ्ट निफ्टी 54 अंक यानी 0.22 फीसदी की बढ़त के साथ 24,395.50 के आसपास कारोबार कर रहा था। ये सेंसेक्स-निफ्टी के लिए पॉजिटिव संकेत है।
एशियाई शेयर बाज़ारों में तेजी देखने को मिल रही है। गिफ्ट निफ्टी 54 अंक यानी 0.22 फीसदी की बढ़त के साथ 24,395.50 के आसपास कारोबार कर रहा है। वहीं,जापान के निक्केई में 1.25 फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है। स्ट्रेट टाइम्स भी 0.13 फीसदी की तेजी दिखा रहा है। हैंग सेंग में 0.28 फीसदी और ताइवानी बाजार में 1.65 फीसदी की बढ़त दिख रही है। कोस्पी तो करीब 2 फीसदी भाग गया है। हालांकि,शांघाई कंपोजिट में 0.42 फीसदी की गिरावट नजर आ रही है।
सोमवार को US के शेयर बाज़ार मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। तीनों मुख्य इंडेक्स लगातार तीसरे हफ़्ते बढ़त बनाने के बाद नीचे आए। US और ईरान के बीच फिर से बढ़े तनाव ने दो हफ़्ते से चल रहे सीज़फ़ायर की स्थिरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसके चलते निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं।
डाओ जोन्स 4.87 अंक या 0.01% गिरकर 49,442.56 पर बंद हुआ। वहीं, S&P 500 इंडेक्स में 16.92 अंकों या 0.24% की गिरावट आई और यह 7,109.14 पर बंद हुआ। जबकि नैस्डैक 64.09 अंक या 0.26% गिरकर 24,404.39 पर पहुंच गया।
मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में बहुत कम बदलाव देखने को मिला। फिलहाल US डॉलर इंडेक्स 98.08 पर दिख रहा है।
अमेरिका में 10-ईयर ट्रेजरी पर यील्ड 4.25% पर लगभग अपरिवर्तित रही,जबकि 2-ईयर ट्रेजरी पर यील्ड मामूली रूप से बढ़कर 3.72% हो गई है।
एशियाई मुद्राओं में जापानी येन और सिंगापुर डॉलर को छोड़कर,बाकी सभी मुद्राएं बढ़त के साथ कारोबार कर रही हैं।
मंगलवार को तेल की कीमतों में गिरावट आई है जिससे पिछले सत्र में हुई बढ़त खत्म हो गई। इसकी वजह यह उम्मीद है कि इस हफ़्ते अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता होगी,जिससे मध्य-पूर्व के प्रमुख उत्पादक क्षेत्र से तेल की आपूर्ति बढ़ सकेगी। WTI क्रूड में 1.51 फीसदी और ब्रेंट क्रूड में 0.41 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है।
सोने की कीमतें स्थिर नजर आ रहीं हैं। ट्रेडर्स ईरान में चल रहे युद्ध के बातचीत के ज़रिए समाधान की संभावनाओं का अनुमान लगा रहे हैं। इस युद्ध ने ग्लोबल एनर्जी सप्लाई को बाधित किया है और महंगाई के जोखिम को बढ़ा दिया है। कोमेक्स पर गोल्ड में 0.06 फीसदी और सिल्वर में 0.05 फीसदी की मामूली कमजोरी आई है।
20 अप्रैल को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने ₹1000 करोड़ से अधिक के शेयर बेचे। जबकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने लगभग ₹3000 करोड़ के शेयर खरीदे