Market News : भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी 27 जनवरी को पॉजिटिव नोट पर खुल सकते हैं। इन्हें GIFT निफ्टी से मिल रहे पॉजिटिव संकेतों का सपोर्ट मिल रहा है,जो लगभग 25,165 पर ट्रेड कर रहा है। बाजार पिछले सेशन की मज़बूत रिकवरी को बनाए रखने में नाकाम रहा और 23 जनवरी को एक अस्थिर सेशन में गिरावट के साथ बंद हुआ। सभी सेक्टर्स में बिकवाली का दबाव देखा गया। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 769.67 अंक या 0.94 प्रतिशत गिरकर 81,537.70 पर और निफ्टी 241.25 अंक या 0.95 प्रतिशत गिरकर 25,048.65 पर बंद हुआ।
करेंसी और इक्विटी बाजारों में आज क्या हो रहा है यह जानने के लिए मनीकंट्रोल के साथ बने रहें। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूचि जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।
बाजारों के लिए मिले-जुले संकेत
भारतीय बाजारों के लिए मिले-जुले संकेत हैं। FIIs की कैश औऱ वायदा मिलाकर 6000 करोड़ से ज्यादा की बिकवाली देखने को मिली है।हालांकि सुबह गिफ्ट निफ्टी करीब 90 प्वाइंट ऊपर दिख रहा था। दक्षिण कोरिया पर टैरिफ बढ़ने से कोरियाई बाजारों में दबाव है। डाओ फ्यूचर्स भी 150 प्वाइंट नीचे है। वहीं कल US बाजारों में बढ़त रही थी। डाओ जोंस में 300 प्वाइंट से ज्यादा की तेजी देखने को मिली थी।
क्रूड में उछाल, सोने और चांदी में रिकॉर्ड तेजी
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से क्रूड में उछाल देखने को मिल रहा है। इसका भाव 66 डॉलर के करीब पहुंच गया है। वहीं सोने और चांदी में रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड का सिलसिला कायम है। चांदी कल इंट्राडे में 117 डॉलर तक उछली,वहीं सोना 5100 डॉलर तक दौड़ा।
यूरोप के साथ ट्रेड डील आज
भारत और EU के बीच ऐतिहासिक डील आज हो सकती है। भारतीय गारमेंट, टेक्सटाइल, जैम्स एंड ज्वैलरी पर यूरोप ड्यूटी घटाएगा। जबकि यूरोप की लग्जरी कारें, महंगी वाईन जैसे सामान भारत में सस्ते होंगे। सुबह 11:30 बजे हैदराबाद हाऊस में PM मोदी और EU प्रेसिडेंट की बैठक होगी।
कोटक महिंद्रा बैंक के कमजोर नतीजे, एक्सिस बैंक के अच्छे नतीजे
कोटक महिंद्रा बैंक ने Q3 में कमजोर नतीजे पेश किए हैं। नए लेबर कोड के चलते कर्मचारी कॉस्ट बढ़ने से मुनाफे में कम ग्रोथ दिखी है। वहीं एक्सिस बैंक के रिजल्ट मजबूत रहे हैं। तिमाही आधार पर प्रोविजनिंग में 37% की गिरावट और क्रेडिट कॉस्ट में भी सुधार दिखा है। वहीं इंडसइंड बैंक का प्रॉफिट 90% घटा है। ब्याज से कमाई भी करीब 13% घटी है। लेकिन दोनों आंकड़े अनुमान से बेहतर रहे हैं।
अल्ट्राटेक के Q3 नतीजे अनुमान से अच्छे, JSW STEEL का मुनाफा 3 गुना से ज्यादा बढ़ा
तीसरी तिमाही में अल्ट्राटेक के नतीजे अनुमान से अच्छे रहे हैं। कंपनी के मुनाफे में 27 परसेंट तो आय में 23 परसेंट का उछाल देखने को मिला है। इसका मार्जिन भी पिछले साल के मुकाबले करीब 2 परसेंट ज्यादा रहा है। हालांकि सीमेंट सेल्स वॉल्यूम ग्रोथ उम्मीद से कम सिर्फ 15 परसेंट रही है। वहीं, JSW STEEL का स्टील का मुनाफा करीब 3.5 गुना बढ़ा है। इसकी आय में 11 परसेंट की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
आज एशियन पेंट्स, टाटा कंज्यूमर और मैरिको के नतीजे
आज एशियन पेंट्स,टाटा कंज्यूमर और मैरिको के Q3 नतीजे आने वाले हैं। एशियन पेंट्स के मार्जिन 2 परसेंट तक सुधरने की उम्मीद है। मैरिको के मुनाफा में भी डबल डिजिट ग्रोथ संभव है।