Stock Market Today : बाजार पर आज इन खबरों का दिखेगा असर, कोई ट्रेड लेने से पहले इन पर डाल लें एक नजर
Market Today : गुरुवार को ईरान के खिलाफ अमेरिका के नए हमलों के बाद तेल की कीमतें बढ़ गईं। इन हमलों ने ईरान युद्ध के खत्म होने और होर्मुज़ जलडमरूमध्य के पूरी तरह से फिर से खुलने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। यह जलडमरूमध्य युद्ध से पहले दुनिया की कुल तेल आपूर्ति का पांचवां हिस्सा ले जाने वाला एक अहम रास्ता था
Stock market news : सोने की कीमतों में गिरावट जारी है। ईरान के खिलाफ अमेरिका के दूसरे दिन के हमलों से ऊर्जा की कीमतें बढ़ गईं हैं और महंगाई को लेकर चिंताएं और गहरी हो गईं हैं।
Market news : 9 जुलाई को भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स में बढ़त के साथ शुरुआत होने की संभावना है। शुरुआती कारोबार में GIFT निफ्टी 23,990 के आसपास ऊपर ट्रेड कर रहा था। इससे भारतीय बाजारों में अच्छी शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं। करेंसी और इक्विटी बाजारों में आज क्या हो रहा है यह जानने के लिए मनीकंट्रोल के साथ बने रहें। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूची जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।
मार्केट ओवरव्यू
8 जुलाई को भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखने को मिली। इस गिरावट की वजह कमजोर ग्लोबल संकेत,कच्चे तेल की कीमतों में 6 प्रतिशत से ज्यादा की तेज बढ़ोतरी और मिडिल ईस्ट में बढ़ते जियोपॉलिटिकल तनाव थे। कमज़ोर शुरुआत के बाद,निफ्टी में दोपहर के सेशन में भी गिरावट जारी रही और अलग-अलग सेक्टर में बड़े पैमाने पर बिकवाली के बीच यह 24,000 के स्तर से नीचे आ गया। ईरान पर अमेरिका के नए हवाई हमलों के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ अस्थायी युद्धविराम को खत्म घोषित किए जाने के बाद, बेंचमार्क इंडेक्स 23,805.20 के इंट्राडे निचले स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,677.12 अंक या 2.15 प्रतिशत गिरकर 76,503.60 पर और निफ्टी 516.65 अंक या 2.12 प्रतिशत गिरकर 23,882.05 पर बंद हुआ। 30 मार्च,2026 के बाद पहली बार सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 2-2 प्रतिशत की गिरावट आई।
गिफ्ट निफ्टी
शुरुआती कारोबार में GIFT निफ्टी लगभग 23,990 के स्तर पर ऊपर ट्रेड कर रहा था,जो घरेलू इक्विटी बाजार के लिए अच्छी शुरुआत का संकेत है।
एशियाई बाजार
AI-आधारित मांग को लेकर उम्मीदें बढ़ने से सेमीकंडक्टर शेयरों में दिलचस्पी फिर से जगी है, जिससे चिप बनाने वाली कंपनियों की अगुवाई में एशियाई शेयर बाजारों में बढ़त देखने को मिल रही है। अमेरिका द्वारा ईरान पर लगातार दूसरे दिन हमला करने के बाद तेल की कीमतों में और बढ़ोतरी हुई है। इसका असर भी बाजारों पर दिख रहा है। गिफ्टी निफ्टी 111 अंक यानी 0.46 फीसदी की बढ़त के साथ 23,987 के स्तर पर दिख रहा है। जापान के निक्केई में 2.45 फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है। वहीं,स्ट्रेट टाइम्स 0.35 फीसदी की तेजी दिखा रहा है। हैंगसेंग भी 0.30 फीसदी की बढ़त दिखा रहा है। ताइवान के बाजार में 0.10 फीसदी की गिरावट नजर आ रही है। कोस्पी 1.94 फीसदी ऊपर दिख रहा है। वहीं,शांघाई कंपोजिट में 0.12 फीसदी की तेजी नजर आ रही है।
बुधवार को S&P 500 गिरावट के साथ बंद हुआ। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के मकसद से किया गया अंतरिम समझौता खत्म हो गया है। इस बयान से बाजार पर दबाव बना। वहीं,हाल ही में गिरावट झेलने वाले चिप स्टॉक्स में ब्रॉडकॉम ने बढ़त बनाई। S&P 500 में 0.28% की गिरावट आई और यह सेशन के आखिर में 7,482.71 के स्तर पर बंद हुआ। नैस्डैक 0.20% बढ़कर 25,870.65 पर पहुंच गया,जबकि डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.09% गिरकर 52,348.39 पर आ गया।
डॉलर इंडेक्स
गुरुवार को ज्यादातर बड़ी करेंसीज के मुकाबले अमेरिकी डॉलर मज़बूत बना रहा। खाड़ी क्षेत्र में फिर से बढ़े तनाव के कारण सुरक्षित निवेश के तौर पर डॉलर की मांग बढ़ी,जबकि तेल की बढ़ती कीमतों ने ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीदों को मज़बूत किया,जिससे जापानी येन पर दबाव बना रहा। फिलहाल डॉलर इंडेक्स 100.98 के स्तर पर नजर आ रहा है।
US बॉन्ड यील्ड
US ट्रेजरी यील्ड में बहुत कम बदलाव हुआ है। बेंचमार्क 10-ईयर ट्रेजरी यील्ड 4.57 प्रतिशत पर बनी हुई है। जबकि 2-साल की ट्रेजरी यील्ड 4.20 प्रतिशत पर है।
एशियन करेंसी
US डॉलर के मुकाबले एशियाई करेंसी में मिला-जुला कारोबार हुआ देखने को मिल रहा है। साउथ कोरियन वॉन सबसे अच्छा परफॉर्मर है। इसमें 0.17 परसेंट की बढ़त हुई है। इसके बाद जापानी येन में 0.09 परसेंट की बढ़त हुई। चीनी रेनमिनबी, सिंगापुर डॉलर और मलेशियन रिंगिट में भी क्रमशः 0.03 परसेंट,0.04 परसेंट और 0.01 परसेंट की मामूली बढ़त हुई है।
कमजोर प्रदर्शन करने वाली मुद्राओं में फिलीपीन पेसो में सबसे ज़्यादा 0.21 प्रतिशत की गिरावट आई है। जबकि इंडोनेशियाई रुपिया 0.19 प्रतिशत नीचे आया है। ताइवान डॉलर में 0.11 प्रतिशत की गिरावट हुई है और थाई बाहत में मामूली 0.03 प्रतिशत की कमी आई है।
कच्चे तेल में तेजी
गुरुवार को ईरान के खिलाफ अमेरिका के नए हमलों के बाद तेल की कीमतें बढ़ गईं हैं। इन हमलों ने ईरान युद्ध के खत्म होने और होर्मुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के पूरी तरह से फिर से खुलने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। ब्रेंट क्रूड में 0.56 फीसदी की और WTI क्रूड में 0.53 फीसदी की तेजी नजर आ रही है।
गोल्ड
सोने की कीमतों में गिरावट जारी है। ईरान के खिलाफ अमेरिका के दूसरे दिन के हमलों से ऊर्जा की कीमतें बढ़ गईं हैं और महंगाई को लेकर चिंताएं और गहरी हो गईं हैं। कोमेक्स पर गोल्ड में 0.07 फीसदी की हल्की गिरावट आई है। वहीं चांदी में 0.09 फीसदी की कमजोरी है।
विदेशी और घरेलू निवेश के आंकड़ों पर एक नजर
8 जुलाई को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने लगातार चौथे सेशन में खरीदारी जारी रखी और 1,962 करोड़ रुपये के भारतीय शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने भी एक दिन की बिकवाली के बाद खरीदारी की और 790 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।