Stock Market Today : बाजार पर आज इन खबरों का दिखेगा असर, कोई ट्रेड लेने से पहले इन पर डाल लें एक नजर

Market Today : मुश्किल हालातों के बीच आज से RBI MPC की तीन दिवसीय बैठक हो रही है। बढ़ती महंगाई और अमेरिकी फेड के रेट हाइक के बाद दरें बढ़ाने का दबाव है। बुधवार को मॉनेटरी पॉलिसी का एलान होगा

अपडेटेड Oct 05, 2026 पर 8:24 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Stock market news : अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ज्यादातर एशियाई करेंसीज़ मज़बूत हुईं। इसमें इंडोनेशियाई रुपिया सबसे आगे है,जिसमें 0.47% की बढ़त हुई है

Market news : आज ग्लोबल के साथ-साथ घरेलू खबरों पर बाजार की नजर होगी। बाजार आज वीकेंड में आए 30 से ज्यादा बिजनेस अपडेट्स पर रिएक्ट करेगा। अमेरिका में कमजोर पेरोल डेटा के बाद दरें बढ़ने की आशंका घटी है। गिफ्ट निफ्टी 100 प्वाइंट से ज्यादा ऊपर कारोबार कर रहा है। जापान का बाजार निक्केई 2.5 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है। चीन और कोरिया के बाजार बंद हैं। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार भी तेजी के साथ बंद हुए थे।

यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूची जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।

मार्केट ओवरव्यू


1 अक्टूबर को काफी उतार-चढ़ाव वाले सेशन में भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए थे। यह लगातार चौथा सेशन था जब इनमें गिरावट देखी गई और निफ्टी 22,400 के आसपास बंद हुआ। रुपये की गिरती कीमत,US ट्रेजरी यील्ड में बढ़ोतरी,कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और FII की लगातार बिकवाली ने बाजार के सेंटीमेंट पर असर डाला,जिससे निफ्टी इंट्राडे में 22,217.30 के निचले स्तर तक गिर गया। हालांकि,IT शेयरों में खरीदारी के दम पर बाजार ने दिन के निचले स्तर से जोरदार रिकवरी की,जिससे नुकसान को सीमित करने में मदद मिली। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 570.59 अंक या 0.79 प्रतिशत गिरकर 71,909.70 पर और निफ्टी 198.50 अंक या 0.88 प्रतिशत गिरकर 22,421.95 पर बंद हुआ।

गिफ्ट निफ्टी

शुरुआती कारोबार में GIFT निफ्टी लगभग 22,610.50 के स्तर पर ऊपर ट्रेड कर रहा था,जो घरेलू इक्विटी बाजार के लिए मज़बूत शुरुआत का संकेत है।

कमजोर जॉब्स रिपोर्ट के बावजूद बॉन्ड यील्ड ऊपर, डॉलर इंडेक्स 102 के पार, क्रूड@103 पर

US में कमजोर जॉब्स रिपोर्ट के बावजूद बॉन्ड यील्ड ऊपर है। 10 साल की बॉन्ड यील्ड 5.26 फीसदी के करीब है। डॉलर इंडेक्स 102 के पार दिख रहा है। इधर हूतियों ने सऊदी अरब की अरामको रिफाइनरी पर हमले के बाद कच्चा तेल चढ़ा है और 103 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है। वहीं, सोना 4200 डॉलर के नीचे आ गया है।

एसेंचर के नतीजों से फोकस में IT शेयर

IT शेयरों में आज जोरदार तेजी दिख सकती है। एसेंचर के नतीजे शानदार रहे हैं। चौथी तिमाही की आय उम्मीद से बेहतर 6% बढ़ी है। मार्जिन में भी 370 Bps का उछाल दिखा है। कंपनी ने FY27 का आय ग्रोथ अनुमान भी बढ़ाया है। नतीजों के बाद शेयर में जोश दिखा है। इंफोसिस और विप्रो के ADR में भी मजबूती दिखी है।

HDFC बैंक: अनूप बागची होंगे CEO & MD

HDFC बैंक को नया कप्तान मिल गया है। अनूप बागची अगले CEO और MD होंगे। RBI ने इनके 3 साल के कार्यकाल को हरी झंडी दे दी है। ये 27 अक्टूबर से पद संभालेंगे। उधर HDFC बैंक के Q2 अपडेट शानदार रहे है। बैंक की डिपॉजिट ग्रोथ करीब 19% रही है। लोन ग्रोथ में 16.25 फीसदी का उछाल दिखा है।

बजाज फाइनेंस: Q2 में AUM ग्रोथ 26.5%

Bajaj Finance के Q2 अपडेट शानदार रहे हैं। इसकी AUM 26.5% बढ़ी है। नए लोन में 11% का उछाल आया है। कंपनी के बोर्ड ने QIP से 11700 करोड़ रुपए जुटाने की मंजूरी दी है।

DMART के Q2 अपडेट अच्छे, नायका के NSV में करीब 30% ग्रोथ संभव

DMART के भी Q2 अपडेट अच्छे रहे हैं। कंपनी की आय में 18.4% का उछाल आया है। कंपनी ने दूसरी तिमाही में 15 नए स्टोर जोड़े हैं। उधर नायिका का भी प्रदर्शन दमदार रहा है। इसके Net Sales Value में करीब 30% ग्रोथ का अनुमान है। आय में करीब 20 फीसदी का उछाल दिख सकता है।

BoB और BOI के अच्छे Q2 बिजनेस अपडेट्स, बंधन बैंक की लोन ग्रोथ 13% से ज्यादा

बैंक ऑफ बड़ौदा के Q2 बिजनेस अपडेट्स अच्छे रहे हैं। ग्लोबल एडवांसेज 18 फीसदी से ज्यादा बढ़े हैं। घरेलू डिपॉजिट में भी 17 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली है। घरेलू लोन ग्रोथ भी 13.5% बढ़ी है। इधर बैंक ऑफ इंडिया के दमदार घरेलू एडवांसेज देखने को मिले हैं। इसमें करीब 18 फीसदी का उछाल आया है। बंधन बैंक का परफॉर्मेंस भी अच्छा रहा है।

आज से RBI MPC की तीन दिवसीय बैठक, बुधवार को होगा मॉनेटरी पॉलिसी का एलान

मुश्किल हालातों के बीच आज से RBI MPC की तीन दिवसीय बैठक हो रही है। बढ़ती महंगाई और अमेरिकी फेड के रेट हाइक के बाद दरें बढ़ाने का दबाव है। बुधवार को मॉनेटरी पॉलिसी का एलान होगा।

एशियाई बाजार

अमेरिका में नौकरियों के कमजोर आंकड़े आने के बाद एशियाई शेयर बाजारों में तेजी आई है। इन आंकड़ों से फ़ेडरल रिज़र्व पर ब्याज दरें बढ़ाते रहने का दबाव कम हुआ है। MSCI के एशिया पैसिफिक इक्विटी इंडेक्स में 0.5% की बढ़त हुई है। जबकि जापान के निक्केई 225 स्टॉक एवरेज में लगभग 2% की तेजी है। टेक्नोलॉजी शेयरों में उछाल आया है। दक्षिण कोरिया और भूमि चीन के बाजार छुट्टियों के कारण बंद हैं।

अमेरिकी बाजार

शुक्रवार को US के शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। उम्मीद से कमजोर जॉब डेटा आने के बाद,इस महीने आने वाली पॉलिसी मीटिंग में फेडरल रिज़र्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की उम्मीदें कम हो गईं हैं। डाओ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 250.40 अंक या 0.49% बढ़कर 51,176.96 पर बंद हुआ। S&P 500 में 56.27 अंक या 0.73% की बढ़त हुई और यह 7,722.72 पर पहुंच गया। नैस्डैक कम्पोजिट 319.27 अंक या 1.19% बढ़कर 27,190.86 पर बंद हुआ।

एशियन करेंसी

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ज्यादातर एशियाई करेंसीज़ मज़बूत हुईं। इसमें इंडोनेशियाई रुपिया सबसे आगे है,जिसमें 0.47% की बढ़त हुई है। इसके बाद ताइवान डॉलर और फिलीपीन पेसो का नंबर रहा। जापानी येन में भी 0.095% की बढ़त हुई है। जबकि चीनी रेनमिनबी और थाई बाहत में मामूली तेज़ी आई आई है। वहीं,सिंगापुर डॉलर,दक्षिण कोरियाई वॉन और मलेशियाई रिंगित अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कमजोर हुए हैं।

विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने लगातार छठे सेशन में भी बिकवाली जारी रखी और 1 अक्टूबर को 9,484 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। पिछले छह सेशन में उनकी कुल बिकवाली 43,000 करोड़ रुपये से ज्यादा रही है। वहीं,घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने बाजार को सहारा देना जारी रखा और 10,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा के शेयर खरीदे।

 

 

Stock Market Live Update: गिफ्ट निफ्टी दे रहा संकेत, मजबूत हो सकती है भारतीय बाजार की शुरुआत

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।