Stocks In News : नेस्ले और ज़ाइडस वेलनेस पर चला FSSAI का डंडा, करीब 4% टूटे शेयर
Stocks In News : FSSAI ने बताया है कि उसने नेस्ले इंडिया को उसके दो उत्पादों लैक्टोजेन प्रो 1 पाउडर और नैन एक्सेला प्रो स्टेज 1 के दावों और प्रचार सामग्री को लेकर नोटिस जारी किया है। इसके अलावा,FSSAI ने ज़ाइडस वेलनेस प्रोडक्ट्स लिमिटेड को भी उसके उत्पाद 'कॉम्प्लान'को लेकर किए गए दावों के संबंध में नोटिस जारी किया है
Stocks In News : नेस्ले इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा है कि FSSAI की हालिया पोस्ट में 18 सितंबर की उस पोस्ट में उठाई गई बातों को फिर से दोहराया गया है,जो प्रोडक्ट लेबल से जुड़ी थी
Stocks In News : आज गुरुवार, 21 अक्टूबर को नेस्ले इंडिया के शेयरों में लगभग 3.7 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। यह शेयर आज 1187.10 रुपये के स्तर पर गिर गया जो पिछले छह महीनों का इसका सबसे निचला स्तर है। वहीं, ज़ाइडस वेलनेस के शेयरों में भी 3 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई और ये 477.10 रुपये के स्तर से नीचे आ गए,जो पिछले छह महीनों का उसका सबसे निचला स्तर है। देश के फूड सेफ्टी रेग्युलेटर FSSAI ने दोनों कंपनियों को उनके कुछ प्रोडक्टो को लेकर "भ्रामक दावे" करने के संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं। इसके बाद इन दोनों कंपनियों के शेयरों पर दबाव देखने को मिला है। FSSAI ने इन कंपनियों से अपने विज्ञापनों के सपोर्ट में वैज्ञानिक प्रमाण देने को भी कहा है।
नेस्ले इंडिया शेयर प्राइस
फिलहाल NSE पर नेस्ले इंडिया के शेयर 1,187.20 रुपये पर ट्रेड कर रहे हैं। यह पिछले दिन की 1,223.90 रुपये की क्लोजिंग प्राइस से 3 प्रतिशत या 36.70 रुपये कम है। यह शेयर 1,210 रुपये पर खुला और गिरकर 1,184 रुपये के निचले स्तर तक आ गया। दोपहर के कारोबार में यह शेयर निफ्टी FMCG इंडेक्स में सबसे ज्यादा गिरने वाला स्टॉक रहा। उस समय निफ्टी FMCG इंडेक्स लगभग 2 प्रतिशत गिरकर 42,910 पर दिख रहा था।
ज़ाइडस वेलनेस शेयर प्राइस
NSE पर दोपहर के कारोबार में ज़ाइडस वेलनेस के शेयर 476.20 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे। यह पिछले दिन के 492 रुपये के क्लोजिंग भाव से 3.21 प्रतिशत या 15.80 रुपये नीचे है। यह शेयर आज 486.05 रुपये पर खुला और गिरकर 475.10 रुपये के निचले स्तर तक आ गया।
नेस्ले इंडिया और ज़ाइडस पर क्यों चला FSSAI का डंडा
बुधवार को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बताया कि उसने नेस्ले इंडिया को उसके दो उत्पादों लैक्टोजेन प्रो 1 पाउडर और नैन एक्सेला प्रो स्टेज 1 के दावों और प्रचार सामग्री को लेकर नोटिस जारी किया है। इसके अलावा,FSSAI ने ज़ाइडस वेलनेस प्रोडक्ट्स लिमिटेड को भी उसके उत्पाद 'कॉम्प्लान'को लेकर किए गए दावों के संबंध में नोटिस जारी किया है।
लैक्टोजेन प्रो 1 पाउडर के लिए जारी नोटिस में, FSSAI ने कहा है कि कंपनी ने अपनी लेबलिंग और विज्ञापन सामग्री में यह दावा किया है कि इस उत्पाद में "व्हे प्रोटीन (whey protein) है, जो दूध के प्रोटीन का ही एक हिस्सा है और आसानी से पच जाता है"। FSSAI ने नेस्ले से कहा है कि वह व्हे प्रोटीन के आसानी से पचने वाले दावे के समर्थन में वैज्ञानिक प्रमाण पेश करे।
कंपनी को निर्देश दिया गया है कि वह तय समय-सीमा के भीतर दावे से जुड़े जरूरी दस्तावेज और सबूत जमा करे।
'नैन एक्सेला प्रो स्टेज 1' (Nan Excella Pro Stage 1) के मामले में, FSSAI ने कहा कि "5 HMOs सामान्य इम्यून सिस्टम को सपोर्ट करने में मदद करते हैं" इस दावे का मतलब यह निकाला गया कि यह उत्पाद इम्यून सिस्टम को सपोर्ट करने के लिए उपयुक्त है।
FSSAI ने कहा कि इस दावे को उन प्रावधानों का उल्लंघन करने वाला माना गया, जो किसी बीमारी, विकार या विशेष शारीरिक स्थिति की रोकथाम, राहत, उपचार या इलाज से जुड़े दावों पर रोक लगाते हैं, जब तक कि लागू नियमों के तहत विशेष रूप से इसकी अनुमति न दी गई हो।"
इसके अलावा, FSSAI ने बताया कि उत्पाद की पैकेजिंग/विज्ञापन सामग्री पर "व्हे प्रोटीन (whey protein) शामिल है" जैसा दावा देखा गया। FSSAI ने इस दावे के समर्थन में वैज्ञानिक प्रमाण मांगे हैं।
नेस्ले इंडिया को यह बताने के लिए कहा गया है कि FSS एक्ट, 2006 के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए।
ज़ाइडस वेलनेस के 'कॉम्प्लान' के मामले में FSSAI ने कहा कि इस प्रोडक्ट के लेबल पर दो बच्चों की तस्वीरें हैं और इसमें "2 गुना तेज़ विकास", "एकाग्रता और याददाश्त में सहायक" तथा "प्रो इम्युनिटी+ 34 ज़रूरी पोषक तत्व" जैसे दावे किए गए हैं। ये दावे FSS (विज्ञापन और दावे) विनियम, 2018 का उल्लंघन करते पाए गए है। FSSAI ने ज़ाइडस से ऐसे दावों के लिए वैज्ञानिक प्रमाण देने को कहा है।
FSSAI के एक्शन पर नेस्ले इंडिया का रि-एक्शन
इस बीच, नेस्ले इंडिया ने कहा है कि उसने अपने शिशु पोषण उत्पाद 'लैक्टोजेन प्रो 1' (Lactogen Pro 1) की लेबलिंग से जुड़े दावों को लेकर खाद्य नियामक (FSSAI) को एक विस्तृत जवाब सौंप दिया है।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक नेस्ले इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा है कि FSSAI की हालिया पोस्ट में 18 सितंबर की उस पोस्ट में उठाई गई बातों को फिर से दोहराया गया है,जो प्रोडक्ट लेबल से जुड़ी थी। कंपनी ने इस मामले पर FSSAI को अपना विस्तृत जवाब पहले ही सौंप दिया है।