Stocks to buy: 6 महीने से गिर रहा यह रियल्टी शेयर, अब मोतीलाल ओसवाल ने 65% उछाल का जताया अनुमान

मोतीलाल ओसवाल ने DLF के शेयर पर अपनी ‘बाय’ (Buy) रेटिंग बरकरार रखते हुए शेयर का टारगेट प्राइस 974 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज का मानना है कि हालिया गिरावट के बावजूद कंपनी के फंडामेंटल मजबूत बने हुए हैं और लंबी अवधि में इसमें अच्छी वैल्यू दिखाई देती है

अपडेटेड Jan 27, 2026 पर 10:05 AM
Story continues below Advertisement
DLF Share Price: साल 2026 में अब तक यह शेयर लगभग 9.6 प्रतिशत तक गिर चुका

DLF Share Price: रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ (DLF) के शेयरों में मंगलवार 27 जनवरी को हल्की तेजी देखने को मिली। यह बढ़त ऐसे समय आई है जब ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज (Motilal Oswal Financial Services) ने DLF के शेयर में मौजूदा स्तर से करीब 65 प्रतिशत तक की संभावित तेजी का अनुमान जताया है। रिपोर्ट के बाद शेयरों में कारोबार के दौरान करीब 1 प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिली।

मोतीलाल ओसवाल ने DLF के शेयर पर अपनी ‘बाय’ (Buy) रेटिंग बरकरार रखते हुए शेयर का टारगेट प्राइस 974 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज का मानना है कि हालिया गिरावट के बावजूद कंपनी के फंडामेंटल मजबूत बने हुए हैं और लंबी अवधि में इसमें अच्छी वैल्यू दिखाई देती है।

अनुमान में कटौती, लेकिन सालाना गाइडेंस बरकरार

ब्रोकरेज ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि उसने DLF के अनुमानों में कुछ कटौती की है। इसकी वजह वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में कोई नया प्रोजेक्ट लॉन्च न होना और सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट ‘द डहलियाज’ से इस अवधि में कोई अतिरिक्त बिक्री न आना रहा। हालांकि, इसके बावजूद कंपनी ने अपने सालाना प्री-सेल्स गाइडेंस ₹20,000 करोड़ से ₹22,000 करोड़ को हासिल करने का भरोसा जताया है।


कमाई के बाद एनालिस्ट कॉल में DLF के मैनेजमेंट ने बताया कि ‘द डहलियाज़’ प्रोजेक्ट की 55–60 प्रतिशत इन्वेंट्री औपचारिक लॉन्च से पहले ही बिक चुकी है। तीसरी तिमाही में इस प्रोजेक्ट की बुकिंग अस्थायी रूप से रोकी गई थी, क्योंकि डिजाइन में कुछ बदलाव किए जा रहे थे, जो नए सेफ्टी और बिल्डिंग कोड्स के अनुरूप थे। कंपनी के मुताबिक जनवरी की शुरुआत में आवश्यक मंजूरियां मिल गईं, जिसके बाद बिक्री दोबारा शुरू हो चुकी है। मैनेजमेंट ने यह भी साफ किया कि लागत में मामूली बढ़ोतरी के बावजूद मार्जिन सुरक्षित बने हुए हैं।

कमजोर बुकिंग, लेकिन कैश फ्लो में जबरदस्त सुधार

तीसरी तिमाही में DLF की बुकिंग केवल 400 करोड़ रुपये रही, जो सालाना आधार पर 97 प्रतिशत और पिछली तिमाही की तुलना में 90 प्रतिशत कम है। यह गिरावट मुख्य रूप से ‘द डहलियाज’ की बिक्री रोके जाने के कारण आई और ब्रोकरेज के अनुमानों से करीब 90 प्रतिशत कम रही।

हालांकि, दूसरी ओर कंपनी की कलेक्शंस में मजबूत उछाल देखने को मिला। कलेक्शन सालाना आधार पर 52 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 78 प्रतिशत बढ़कर ₹4,800 करोड़ तक पहुंच गए, जो मोतीलाल ओसवाल के अनुमान से करीब 15 प्रतिशत अधिक हैं। इसके चलते ऑपरेटिंग कैश फ्लो सालाना आधार पर 2.2 गुना और तिमाही आधार पर 2.9 गुना बढ़कर ₹4,020 करोड़ हो गया।

ब्रोकरेज के अनुसार, इसी मजबूत कैश फ्लो के दम पर DLF ने ग्रॉस डेट को शून्य कर लिया है। कंपनी का नेट कैश तीसरी तिमाही में बढ़कर ₹11,660 करोड़ हो गया, जबकि पिछली तिमाही में यह ₹7,720 करोड़ था।

एसेट वैल्यू और लैंड बैंक पर फोकस

मोतीलाल ओसवाल ने DLF के बिजनेस का मूल्यांकन 1.68 लाख करोड़ रुपये किया है, जिसमें से ₹1.22 लाख करोड़ का योगदान लैंड बैंक का है। वहीं, DLF की सब्सिडियरी DLF साइबर सिटी डेवलपर्स (DCCDL) का मूल्य 70,800 करोड़ रुपये आंका गया है। कंपनी की कुल ग्रॉस एसेट वैल्यू लगभग ₹2.39 लाख करोड़ बैठती है।

ब्रोकरेज ने FY26 के लिए अनुमानित 2,000 करोड़ रुपये के नेट कैश को जोड़ते हुए DLF की संशोधित नेट एसेट वैल्यू (NAV) 2.41 लाख करोड़ रुपये बताई है। मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि DLF के पास मौजूद करीब 15 करोड़ स्क्वायर फीट का लैंड बैंक, जिसे 12–13 सालों में मोनेटाइज किया जा सकता है, कंपनी को लंबी अवधि में मजबूत ग्रोथ विजिबिलिटी देता है।

शेयर की हालिया चाल

DLF के शेयर पिछले एक साल में 4.1 प्रतिशत की तेजी के साथ 588 रुपये के भाव पर बंद हुए थे। हालांकि, बीते एक महीने में शेयर करीब 14.6 प्रतिशत और पिछले छह महीनों में लगभग 25.3 प्रतिशत टूट चुका है। ब्रोकरेज का मानना है कि यही गिरावट निवेशकों के लिए लॉन्ग टर्म एंट्री का मौका बन सकती है।

यह भी पढ़ें- Paytm Shares: 10% टूटने के बाद संभला पेटीएम, इस कारण लौटे निवेशक तो उछले शेयर

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।