बंधन बैंक (Bandhan Bank) शेयरों में 2 दिसंबर के शुरुआती कारोबार में जोरदार तेजी देखने को मिली है। प्लूटस वेल्थ (Plutus Wealth Management LLP) ने खुले बाजार में हुए सौदे के जरिए कल इस प्राइवेट बैंक में 212 करोड़ रुपए के शेयरों का अधिग्रहण किया था। NSE पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, प्लूटस वेल्थ मैनेजमेंट ने बंधन बैंक के 90 लाख शेयरों की खरीदारी की है। यह खरीदारी 235.65 रुपये प्रति शेयर के औसत भाव पर की गई है। इस बीच ग्लोबल रिसर्च और ब्रोकिंग फर्म CLSA ने भी इस स्टॉक की बाय रेटिंग बनाए रखते हुए इसमें 300 रुपये प्रति शेयर का लक्ष्य दिया है।
CLSA का कहना है कि अगले 12 महीने में इस स्टॉक में वर्तमान लेवल से 25 फीसदी की तेजी मुमकिन है। कंपनी के आगे के आउटलुक पर CLSA का कहना है कि मीडियम टर्म में बंधन बैंक गैर MFI कैटेगरी में डाइवर्सिफिकेशन पर फोकस बनाए रखेगी। इसके अलावा कंपनी वेस्ट बंगाल और असम के बाहर कारोबार विस्तार करेगी।
असेट क्वालिटी में और गिरावट की आशंका
गौरतलब है कि 1 दिसंबर को हुई बैंक की एनालिस्ट मीट में यह जानकारी दी गई थी कि वर्तमान और इसी वित्त वर्ष की अगली तिमाही में बैंक की असेट क्वालिटी में और गिरावट देखने को मिल सकती है। बैंक ने एनालिस्टों को बताया था कि दिसंबर तिमाही में बैंक का ग्रास एनपीए बढ़कर 7800 करोड़ रुपये पर पहुंच सकता है। जबकि मार्च तिमाही में यह 8000 करोड़ रुपये का स्तर छू सकता है। सितंबर तिमाही में बैंक का ग्रास एनपीए 5100 करोड़ रुपये पर रहा था। प्रतिशत के आधार पर देखें तो सितंबर तिमाही में बैंक का ग्रास एनपीए 7.2 फीसदी के स्तर पर रहा था। जो कि जून तिमाही के 7.3 फीसदी के लगभग बराबर ही था।
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल की राय
इसी तरह एक दूसरे ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने इस स्टॉक की न्यूट्रल रेटिंग बनाए रखते हुए इसके लिए 270 रुपये का टारगेट दिया हुआ है। मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि अगली दो तिमाहियों में बंधन बैंक का स्लिपेज (नए एनपीए) ज्यादा रह सकते हैं। क्योंकि बैंक के एसएमए बुक में स्ट्रेस्ड असेट की हिस्सेदारी करीब 78 फीसदी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।