Stock in Focus: फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी सन फार्मा के शेयरों में 22 जून को तेज हलचल दिख सकती है। इसकी वजह कंपनी का एक ऐलान है। सन फार्मा ने 20 जून की शाम को एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी कि यह करीब 12 साल पुरानी कंपनी इनोवीकेयर लाइफसाइंसेज (Innovcare Lifesciences) में पूरी हिस्सेदारी खरीदने वाली है। इसके लिए एग्रीमेंट हो चुका है। यह सौदा करीब ₹271.2 करोड़ यानी करीब $2.873 करोड़ में होगी। ऐसे में 22 जून को शेयर मार्केट खुलने पर इसका असर शेयरों की चाल पर दिख सकता है। अभी की बात करें तो शुक्रवार 19 जून को सन फार्मा के शेयर बीएसई पर 0.72% की बढ़त के साथ ₹1837.15 पर बंद हुआ था।
Sun Pharma कब तक खरीद लेगी Innovcare Lifesciences को?
सन फार्मा ने शुक्रवार की शाम एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी कि यह इनोवीकेयर लाइफसाइंसेज को ₹271.2 करोड़ में खरीद रही है। इसके सभी आउटस्टैंडिंग शेयर खरीदने के लिए एग्रीमेंट हो चुका है। अब कंपनी को उम्मीद है कि यह सौदा 31 जुलाई 2026 या इससे पहले तक पूरा होने की उम्मीद है। यह पूरा सौदा कैश में होगा। सन फार्मा ने इसे अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को मजबूत करने की दिशा में एक अहम रणनीतिक कदम बताया। इनोवीकेयर लाइफसाइंसेज की बात करें तो यह 21 जुलाई 2014 को बनी थी और यह फार्मास्युटिकल दवाओं के साथ-साथ न्यूट्रास्यूटिकल और कॉस्मेस्यूटिकल प्रोडक्ट्स बेचती है। इसका पूरा कारोबार भारत में ही फैला हुआ है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर ₹86.09 करोड़ से बढ़कर ₹94.06 करोड़ पर पहुंच गया।
एक साल में कैसी शेयरों की चाल?
सन फार्मा के शेयर पिछले साल 26 सितंबर 2025 को ₹1547.25 के भाव पर थे जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 8 महीने में यह 23.91% चढ़कर 19 मई 2026 को ₹1917.15 पर पहुंच गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। हालांकि शेयरों की तेजी यहीं थम गई और इस हाई से फिलहाल यह 4% से अधिक नीचे है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।