सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयरों में आज 4 जुलाई को 5 फीसदी तक की तेजी देखी गई। यह स्टॉक इस समय BSE पर 2.16 फीसदी की बढ़त के साथ 194.10 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। दरअसल, जून में समाप्त तिमाही (Q1FY25) में लेंडर ने मजबूत एडवांस और डिपॉजिट दर्ज किए हैं। इस खबर के बाद बैंक के शेयरों में आज जमकर खरीदारी देखी गई। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 2,061.63 करोड़ रुपये हो गया है। स्टॉक का 52-वीक हाई 219.55 रुपये और 52-वीक लो 142.85 रुपये है। इस साल बैंक के शेयरों में करीब 24 फीसदी की तेजी आ चुकी है।
Q1 में कैसा रहा Suryoday SFB का प्रदर्शन
सूर्योदय SFB के लोन और एडवांस में सालाना आधार पर 42 फीसदी की वृद्धि हुई और यह FY25 की पहली तिमाही में 9037 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष 2024 में यह 6372 करोड़ रुपये था। इसके अलावा, यह वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही के 8650 करोड़ रुपये से 4 फीसदी अधिक है।
दूसरी ओर, बैंक का डिपॉजिट पिछले FY25 की पहली तिमाही में 42 फीसदी बढ़कर 8,137 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 5722 करोड़ रुपये था। यह तिमाही आधार पर 7777 करोड़ रुपये से 5 फीसदी अधिक है।
इसके तहत रिटेल डिपॉजिट 6418 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 48 फीसदी और तिमाही आधार पर 5 फीसदी की वृद्धि है। बल्क डिपॉजिट 1719 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 48 फीसदी और तिमाही आधार पर 4 फीसदी अधिक है।
सूर्योदय SFB का Q1FY25 डिसबर्समेंट पिछले वर्ष की तुलना में 46 फीसदी बढ़कर 1740 करोड़ रुपये हो गया, जो कि Q1FY24 में 1190 करोड़ रुपये था। हालांकि, दिसंबर तिमाही की तुलना में इसमें 2340 करोड़ रुपये से 26 फीसदी की गिरावट आई है।
Suryoday SFB ने एक बयान में कहा, "FY25 की पहली तिमाही में लोन डिसबर्समेंट लगभग 1740 करोड़ रुपये रहा, जबकि FY24 की पहली तिमाही में यह 1190 करोड़ रुपये था (सालाना आधार पर 46 फीसदी अधिक), जो विकास लोन और रिटेल एसेट डिसबर्समेंट में लगातार गति के कारण हुआ।"
इसके अलावा, लेंडर का करेंट अकाउंट-सेविंग अकाउंट (CASA) डिपॉजिट 1439 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो FY24 की जून तिमाही की तुलना में 69 फीसदी अधिक है, लेकिन दिसंबर तिमाही से 8 फीसदी की गिरावट आई है। इसके चलते CASA रेश्यो FY25 की पहली तिमाही के अंत में 17.7 फीसदी रहा।