Market today: बाजार में आज 18 अप्रैल को लगातार दूसरे दिन कमजोरी देखने को मिली है। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 183.74 अंक यानी 0.31 फीसदी की गिरावट के साथ 59727.01 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 46.60 अंक यानी 0.26 फीसदी की गिरावट के साथ 17660.20 के स्तर पर बंद हुआ है। ओपनिंग की शुरुआती बढ़त को छोड़ दें तो बाजार आज दिन के अधिकांश हिस्से में लाल निशान में ही रहा। आज इंट्राडे में निफ्टी लगभग 17600 के स्तर तक गिर गया था।
पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदानी एंटरप्राइजेज, रिलायंस इंडस्ट्रीज और अपोलो हॉस्पिटल्स आज निफ्टी के टॉप लूजर रहे, जबकि डिविस लैब्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंडसइंड बैंक, सिप्ला और नेस्ले इंडिया निफ्टी के टॉप गेनर रहे।
सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो एफएमसीजी, पावर और इंफ्रा में बिकवाली देखी गई, जबकि फार्मा और रियल्टी में 1 फीसदी और आईटी, पीएसयू बैंक और मेटल में 0.5 फीसदी की तेजी रही। आज के कारोबार में छोटे-मझोले शेयरों ने दिग्गजों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ है। वहीं, बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.2 फीसदी की तेजी रही है।
19 अप्रैल को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
चॉइस ब्रोकिंग के अमेय रणदिवे का कहना है कि आज बेंचमार्क इंडेक्स में इंट्राडे गिरावट से कुछ रिकवरी देखने को मिली लेकिन निफ्टी अभी भी 17700 से नीचे कारोबार कर रहा है। डेली चार्ट पर निफ्टी 100-डे एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज (EMA)को होल्ड रखने में कामयाब रहा है, जो वर्तमान में लगभग 17625 के स्तर पर स्थित है। कारोबार के पहले 15 मिनट में अच्छी बिकवाली के साथ निफ्टी में पिछले दो दिनों में अच्छी मुनाफावसूली देखने को मिली है। निफ्टी के लिए अब 17600-17550 के स्तर पर अच्छा सपोर्ट हैं। अगर ये सपोर्ट बना रहता है तो आगे हमें निफ्टी में 17850-17900 का स्तर देखने को मिल सकता है।
दूसरी ओर बैंक निफ्टी के लिए आज का दिन काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा। ये आज 43300 के ऊपर बंद होने में विफल रहा। पिछले दो दिनों से हरे निशान में बंद होने के साथ बैंक निफ्टी निफ्टी की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। बैंक निफ्टी के लिए 42000-41800 पर सपोर्ट और 42800- 43000 के बीच रजिस्टेंस दिख रहा है।
शेयरखान के जतिन गेडिया का कहना है कि निफ्टी आज बढ़त के साथ खुला और दिन के अधिकांश भाग में कंसोलीडेट होता दिखा। इसने पिछले कारोबारी दिन के 17863 –17574 के भीतर ट्रेड किया। ऑवरली बोलिंगर बैंड साइडवेज प्राइस मूवमेंट के चलते संकुचित होता नजर आ रहा है। ये आगे बाजार के दायरे में ट्रेड करने के संकेत है।
दूसरी तरफ डेली मोमेंटम इंडीकेटर पॉजिटिव क्रॉस ओवर दे रहा है। ये खरादीरा आने का संकेत है। ऐसे में हमें प्राइस और मोमेंटम इंडीकेटरों से अलग-अलग संकेत मिल रहे हैं। ऐसी स्थति में हमें अक्सर बाजार में दायरे में कारोबार( रेंज बाउंड ट्रेड) होता दिखता है। अगले कुछ कारोबारी दिन निफ्टी हमें 17500 –17800 के दायरे में घूमता दिखेगा।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।